रतलाम के आलोट में NIA की दबिश, ISIS आतंकी फैजान से जुड़ा युवक हिरासत में
रतलाम. NIA ने रतलाम जिले के आलोट में छापामार कार्रवाई की। एजेंसी के अधिकारी शाम करीब 4 बजे खजूरी देवड़ा गांव पहुंचे। यहां स्थानीय पुलिस की मदद से राहुल सेन नाम के युवक को राउंडअप कर पूछताछ की गई। उसका मेडिकल टेस्ट भी कराया गया। सवाल-जवाब के बाद आलोट के न्यायालय में आरोपी राहुल को पेश किया गया। यहां अग्रिम ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद जांच एजेंसी की टीम राहुल को लेकर रांची निकल गई। सूत्रों के अनुसार, राहुल ISIS (इस्लामिक स्टेट ऑफ ईराक एंड सीरिया) के लिए काम करने वाले फैजान अंसारी के संपर्क में था। फैजान को बीते दिनों गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से कई डिजिटल सबूत भी जब्त किए गए थे। पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने बताया, राहुल के पास से काला कपड़ा और चाकू बरामद हुआ है, जो ISIS का निशान है। साथ ही कई मोबाइल सिम भी बरामद की गई हैं।

राहुल सनातनी नाम से बनाई इंस्टाग्राम आईडी
राहुल खजूरी देवड़ा गांव में मजदूरी का काम करता है। उसने इंस्टाग्राम पर एक से ज्यादा आईडी बना रखी हैं। वह राहुल सनातनी के नाम से भी इंस्टाग्राम आईडी चलाता है। इस पर वह हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करता था। राहुल के पिता आलोट में सैलून चलाते हैं।
सोशल मीडिया के जरिए फैजान से जुड़ा था राहुल
राहुल फैजान अंसारी के साथ सोशल मीडिया पर ही जुड़ा था। झारखंड के लोहरदगा का रहने वाला फैजान डार्क नेट के माध्यम से ISIS आतंकियों के संपर्क में था। वह लोहरदगा में युवाओं का ब्रेनवॉश कर दहशत फैलाने की ट्रेनिंग दे रहा था। कई युवाओं को ISIS में शामिल होने के लिए फैजान ने राजी कर लिया था। NIA ने करीब दो महीने पहले फैजान को दबोचा था। उसके खिलाफ NIA की रांची शाखा में 19 जुलाई को FIR दर्ज की गई थी। उस पर UAPA (गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम) से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। NIA से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, फैजान दो साल पहले लोहरदगा से अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी पढ़ाई करने गया था। यहीं वह ISIS के संपर्क में आया था। लोहरदगा लौटने के बाद वह आतंकी गतिविधियों में लग गया था। उसके पिता फिरोज अंसारी बीएसएनएल में कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी हैं।
