राजौरी एनकाउंटर में कर्नल, मेजर और DSP समेत 4 शहीद, 2 आतंकी मारे गए
जम्मू कश्मीर. आतंकियों के साथ दो मुठभेड़ों में 3 अफसर और एक जवान शहीद हो गए हैं। अफसरों में सेना के एक कर्नल, एक मेजर और पुलिस के एक DSP शामिल हैं। अनंतनाग में बुधवार को आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर उस वक्त गोली चला दी, जब वे सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसमें कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोनैक और डीएसपी हुमायूं भट शहीद हो गए। यहां मुठभेड़ अभी जारी है। जवान की मौत मंगलवार को राजौरी में हुई। दो आतंकी भी मारे गए। यहां सर्चिंग के दौरान मंगलवार को सेना के डॉग की भी मौत हो गई। उसने अपने हैंडलर की जान बचाने के लिए खुद की जिंदगी दांव पर लगा दी। राजौरी में एनकाउंटर खत्म हो गया है।
राजौरी एनकाउंटर साइट से दो AK-47, 7 मैग्जीन, 2 बीपी जैकेट, करीब तीन दर्ज राउंड एम्यूनिशन रिकवर हुए हैं।
आर्मी डॉग ने हैंडलर को बचाया
सेना के अधिकारी ने बताया कि एनकाउंटर में शहीद हुए आर्मी डॉग का नाम केंट था। आतंकियों की तलाश के दौरान डॉग अपने हैंडलर के आगे चल रहा था तभी उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई।
यह आर्मी डॉग केंट की तस्वीर है। उसकी मौत उस वक्त हुई जब जब वो भाग रहे आतंकियों की तलाश करने के लिए जवानों की एक यूनिट का नेतृत्व कर रहा था।
PAK फिर आतंक फैलाने की कोशिश कर रहा- नॉर्दर्न आर्मी कमांडर
नॉर्थ टेक सिंपोजियम 2023 कार्यक्रम के दौरान नॉर्दर्न आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट उपेंद्र द्विवेदी ने एनकाउंटर को लेकर कहा कि पाकिस्तान एक बार फिर क्षेत्र में आतंक फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा- पाकिस्तान घाटी में शांति भंग करने के लिए सीमा पार से कट्टरपंथी बंदूकधारियों को भेजने की कोशिश कर रहा है। हालांकि हम पाकिस्तान को उसके नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं होने देंगे।
यह विजुअल सेना की ओर से जारी किया गया था। इसमें पुंछ में LoC के पास घुसपैठ की कोशिश करते आतंकी दिख रहे हैं।
दो संदिग्ध व्यक्ति भागने में सफल हुए थे
सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि 11 सितंबर की शाम को पतराडा के जंगली इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया गया था। दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए कुछ राउंड फायरिंग की गई थी। हालांकि दोनों संदिग्ध भागने में सफल रहे थे।
