अंतर्राज्यीय तस्करों से कार में जप्त 65 किलो डोडा चूरा
ग्वालियर। आगामी विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुये पुलिस अधीक्षक राजेष सिंह चंदेल के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में अवैध मादक पदार्थो, अवैध शराब एंव अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरूद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में एएसपी ग्रामीण निरंजन शर्मा व डीएसपी अपराध शियाज़ केएम के द्वारा थाना मोहना व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को थाना मोहना क्षेत्र के टीकला तिराहा एबी रोड पर वाहन चैकिंग करने के कहा गया।
टीआई क्राइम ब्रांच अमर सिंह सिकरवार व टीआई मोहना धर्मेन्द्र सिंह कुशवाह ने संयुक्त टीम को थाना मोहना क्षेत्र के टीकला तिराहा ए.बी रोड पर वाहन चैकिंग करने हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा वाहन चैकिंग के दौराने एक सफेद रंग की अर्टिका गाड़ी आती हुई दिखी जिसने पुलिस चैकिंग को देखकर कार वापस लौटाने का प्रयास किया, परन्तु मुस्तैदी से चैकिंग कर रही पुलिस टीम द्वारा गाड़ी को घेराबंदी कर रोक लिया गया।
पुलिस टीम को कार के अंदर 3 संदिग्ध व्यक्ति बैठे दिखे पूछताछ करने पर उनके द्वारा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया। पूछताछ में 3 संदिग्ध छवडा जिला बारा राजस्थान के रहने वाले ज्ञात हुये। पुलिस टीम द्वारा कार की तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट व डिग्गी में प्लास्टिक की बोरी रखी हुई पाई गई जिन्हे खोलकर देखा गया तो उनमें डोडा चूरा भरा हुआ पाया गया। जिसकी तोल कराने पर 65 किलो डोडा चूरा कीमत लगभग 2 लाख 60 हजार रूपये का होना पाया गया एंव अवैध मादक पदार्थ परिवहन में उपयोग लाई गई अर्टिका कार कीमती करीब 09 लाख रूपये एंव डोडा चूरा को विधिवत जप्त किया जाकर उक्त तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गये तस्करों से प्रारम्भिक पूछताछ में ज्ञात हुआ कि डोडा चूरा राजस्थान से लेकर ग्वालियर ला रहे थे।
