ग्वालियर में जन आशीर्वाद यात्रा में बोले कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा सरकार में प्रगति के कीर्तमान स्थापित किए

ग्वालियर. प्रदेश और देश की सरकार ने हर वर्ग को लाभान्वित करने के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं। भाजपा सरकार में प्रगति के कीर्तमान स्थापित किए जा रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में यहां से भाजपा विधायक बना तो भितरवार भी विकास के पथ पर तेजी से दौड़ेगा। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने जन आशीर्वाद यात्रा की सभा में कही। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सत्ताधारी दल भाजपा द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा का मंगलवार को भितरवार में आगमन हुआ। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर की अगुवाई में आई। इस यात्रा का नगर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर जोशीला स्वागत किया।

जनता से समर्थन मांगने जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही
बैंड बाजों और डीजे साउंड के साथ प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा नए बस स्टैंड पहुंची। जहां समारोहपूर्वक आयोजित हुई सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनहितैषी नीतियों की दम पर जनता से समर्थन मांगने यह जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है।

लाखन सिंह ने कांग्रेस सरकार में एक भी विकास कार्य नहीं किए
वहीं इसी प्रकार गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने भी विस्तारपूर्वक पार्टी की नीतियों का बखान किया। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि लगातार तीन बार से विधायक बने लाखन सिंह यादव ने कांग्रेस की 16 माह की सरकार में एक भी विकास कार्य नहीं किए। चुनाव में ऐसे विधायक को सबक सिखाएं। यहां से भाजपा का विधायक बनाकर विकास की मुख्य धारा से जुड़ें। सभा को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा,सांसद विवेक नारायण शेजवलकर,दिल्ली के सासंद प्रवेश वर्मा ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *