ग्वालियर में आयोजित लाडली बहना सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने 1.31 करोड् महिलाओं के खाते में राशि
ग्वालियर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में लाडली बहना योजना सम्मेलन में बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि अचलेश्वर पर मैंने पूजा कर अच्छी बारिश और बहनों के लिए सुख मांगा हैं। मांगा है कि मेरी बहनों के सारे दुख मुझे दे दो, लेकिन मेरी बहनों को खुश रखना। CM शिवराज ने कहा कि लाड़ली बहना सिर्फ एक योजना नहीं है बल्कि आंदोलन है। बहनों के दुख दूर करने का आंदोलन, बहनों को खुश रखने का आंदोलन, बहनों को सम्मान दिलाने का आंदोलन है। CM शिवराज ने कहा कि मेरा उद्देश्य हर बहन की आय 10 हजार रुपए करने की है। मैं चाहता हूं बहनें लखपति बने। इसके लिए काम शुरू करने के लिए उनका यह भाई मदद करेगा। लोन आप लेना ब्याज भरने में मैं मदद करूंगा।
बहनों को आत्मनिर्भर बनाना ही मेरा लक्ष्य
CM शिवराज का कहना है कि अब उन्होंने योजना बनाई है कि टोल टैक्स बैरियर बहनें चलाएंगी। यदि बहनें 1 लाख रुपए कमाकर देंगी तो 30 प्रतिशत मतलब 30 हजार रुपए उनको मिलेंगे। इससे वह सशक्त होंगी। बहनों को आत्मनिर्भर बनाना ही मेरा लक्ष्य है। इतना ही नहीं सावन में मैंने 450 रुपए में गैस सिलिंडर देने का वादा किया था वो भी पूरा किया है।
बहनों को परेशान करने वालों पर सरकार एक्शन ले रही
CM शिवराज सिंह ने कहा कि बहनों के सम्मान के लिए हमेशा तैयार हूं। बहनों से अभद्रता करने वाले उनको परेशान करने वालों पर यह सरकार एक्शन ले रही है और कड़ा एक्शन लेगी। ऐसे लोगों के घरों पर बुलडोजर चल रहा है और चलता रहेगा।
10 अक्टूबर से हर माह 1250 रुपए दिए जाएंगे
CM शिवराज सिंह ने बहनों से पूछा कि जो योजनाएं बंद करते हैं। आपके भाई मुझे गाली देते हैं उनका साथ दोगी क्या। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मैं तुम्हारे लिए जियूंगा। 10 अक्टूबर से हर माह 1250 रुपए दिए जाएंगे और यह धीरे-धीरे 3 हजार रुपए तक कर दूंगा। इतना ही नहीं 10 हजार रुपए आपको कमाने के लिए दिन रात एक कर दूंगा। इसके बाद CM शिवराज सिंह ने एक गाना “देख सकता हूं मैं सब कुछ होते हुए, नहीं मैं नहीं देख सकता तुमको रोते हुए’ गाकर बहनों के खाते में एक क्लिक कर उनके एक हजार रुपए ट्रांसफर किए।
कांग्रेस को लॉक कर चाबी का चंबल में विसर्जन कर दो
लाड़ली बहना हितग्राही सम्मेलन के मंच से केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को ललकारा है और उनके 15 महीने की सरकार पर जमकर जुबानी हमला किया है। सिंधिया ने जनता से कहा है कि कांग्रेस फिर आएगी तो लाड़ली बहना योजना, कन्यादान योजना सहित महिला सशक्तिकरण की कई योजनाओं को बंद कर देगी। उन्होंने सीरियल कौन बनेगा करोड़पति के डायलॉग से उदाहरण देकर कहा कि कांग्रेस को लॉक कर चाबी का चंबल में विसर्जन की दिया जाए।
