वीडी शर्मा ने बेरीकेड लांघा, सिंधिया को हाथ पकड़कर खींचा
भिंड. जन आशीर्वाद यात्रा के आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को खासी मशक्कत करनी पड़ी। वीडी शर्मा पांच फीट के बेरिकेड्स को लांघकर अंदर आए। सिंधिया भीड़ के बीच फंस गए। उन्हें बेरिकेड्स हटाकर आना पड़ा। मंच पर मौजूद नेताओं ने हाथ पकड़कर उन्हें ऊपर खींचा। रात करीब 12.30 बजे जन आशीर्वाद यात्रा खंडा रोड स्थित आयोजन स्थल पर पहुंची। मंच के आसपास बेरिकेड्स लगाए गए थे। मंच तक पहुंचने के लिए अतिथियों को केंद्रीय पुस्तकालय के रास्ते से आना था, लेकिन भीड़ ज्यादा होने से दोनों नेताओं को अंदर पहुंचने में काफी परेशानी आई। पुलिस और कार्यकर्ताओं की मदद से वे मंच तक पहुंचे।

सिंधिया बोले ग्वालियर चंबल से कांग्रेस को उखाड़ना है
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, रात के 12 बज चुके हैं। इस समय आप लोगों के जोश-जज्बे से भिंड की तासीर देखने को मिल रही है। बारिश के बीच जिस जोश से आप सभी थमे हुए हो, उसी जोश से ग्वालियर-चंबल से कांग्रेस को उखाड़ना है। बीजेपी के प्रत्याशी के लिए कमल के फूल के बटन दबाकर ऐतिहासिक जीत दिलानी है। ये यात्रा यादगार है। लंबे समय बाद इस तरह बारिश में भीगे हैं। यह चर्चा नरेंद्र सिंह तोमर से मैं गाड़ी के अंदर कर रहा था।
