CM शिवराज सिंह ग्वालियर पहुंचे, अचलेश्वर मंदिर में की विशेष पूजा
ग्वालियर. पिछले तीन दिन से हो रही बारिश किसानों सहित अन्य लोगों में खुशियों का पैगाम लेकर आई है। इसी बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार दोपहर 12 बजे ग्वालियर पहुंचे। ग्वालियर एयरपोर्ट पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व ग्वालियर के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने उनका स्वागत किया है। सीएम शिवराज सिंह एयरपोर्ट से सीधे अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे हैं। यहां करीब 15 मिनट तक उन्होंने पूजा अर्चना की है। पूरे शिव परिवार की पूजा करने के बाद परिक्रमा लगाई है। अब वह रथ में सवार होकर जनदर्शन यात्रा (रोड शो) के लिए निकले। अचलेश्वर मंदिर पर पूजा से लेकर रथ में सवार होने तक केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सीएम शिवराज सिंह के साथ रहे हैं।

सीएम कई संगठनों से करेंगे मुलाकात
सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की शहर में जन दर्शन यात्रा (रोड शो) के दौरान आभार जताने पहुंचेंगे। साथ ही अन्य सरकारी और गैर सरकारी संगठनों से जन दर्शन यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री रूबरू होंगे। जन दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री से लाड़ली लक्ष्मी, रोटरी क्लब, लाड़ली बहना सेना, संबल योजना से लाभान्वित हितग्राही, ग्राम रोजगार सहायक, पेट्रांल पम्प एसोसिएशन, किसान सम्मान निधि से लाभान्वित हितग्राही, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी एवं उभरती हुई अन्य खेल प्रतिभाएँ, आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित हितग्राही, दवा व्यापारी संगठन, अधिवक्ता परिषद, दाल बाजार व्यापार समिति, स्व-सहायता समूहों की दीदियाँ, युवा उद्यमी व सीखो कमाओ योजना से लाभान्वित युवा, पीएम स्वनिधि से लाभान्वित हितग्राही, स्कूटी वितरण से लाभान्वित विद्यार्थी, कैट संगठन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन से लाभान्वित हितग्राही, जेसीआई क्लब, संविदा कर्मचारी, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी व अतिथि शिक्षक भेंट करेंगे।
