ग्वालियर में सीएम शिवराज सिंह आज अचलेश्वर पर दर्शन कर करेंगे रोड शो
ग्वालियर. पिछले तीन दिन से हो रही बारिश किसानों सहित अन्य लोगों में खुशियों का पैगाम लेकर आई है। इसी बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार (10 सितम्बर) को ग्वालियर में प्रदेश भर की लाड़ली बहनाओं और ग्वालियर वासियें के लिये सौगातें लेकर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान रविवार सुबह ग्वालियर में अचलेश्वर महादेव मंदिर पर पूजा-अर्चना कर शहर में जन दर्शन यात्रा रोड शो करेंगे। इसके बाद फूलबाग मैदान पहुंचकर राज्य स्तरीय महिला हितग्राही सम्मेलन में शामिल होंगे और सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की चौथी किस्त अंतरित करेंगे।
380 करोड़ रुपए विकास कार्यो का लोकार्पण-भूमिपूजन करेंगे
CM चौहान इस अवसर पर लगभग 380 करोड़ रूपए लागत के 23 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें लगभग 39 करोड़ रूपए लागत के 9 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 341 करोड़ रूपए लागत के 14 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट ढंग से अपने दायित्वों का कुशल निर्वहन करने वालीं महिला अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा राज्य स्तरीय महिला हितग्राही सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा।
यह होंगे कार्यक्रम में शामिल
जन दर्शन यात्रा एवं राज्य स्तरीय महिला हितग्राही सम्मेलन में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय नागर विमानन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे। इस अवसर पर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार भारत सिंह कुशवाह व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर मंचासीन रहेंगे। कार्यक्रम में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार व जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश जाटव को भी बतौर अतिथि आमंत्रित किया गया है।
