MP के 2 टीआई सहित 10 पुलिस वालों पर यूपी में FIR दर्ज, ट्रक मालिक को आगरा से उठाकर अफीम तस्करी में फंसाया

इन्दौर. मंदसौर पुलिस का यूपी की सीमा में घुसकर ट्रक मालिक को अफीम तस्करी के केस उठाने और 30 लाख रूपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। यूपी पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर मध्यप्रदेश के 10 अधिकारियों और कर्मचारियों पर जून 2023 में केस दर्ज किया गया था लेकिन बात अब उजागर हुई है।
यूपी के गृह विभाग से इन आरोपियों के संबंध में जानकारी मांगी गयी है। जब मंदसौर के इन आरोपियों के नाम देखे तो पता चला कि कुछ आरोपी अधिकारी-कर्मचारी मंदसौर से बड़ी जगह ट्रांसफर ले जगह चुके है या फिर इन्दौर -भोपाल शिफ्ट हो गये है। रतलाम डीआईजी ने इनकी पदस्थापना और यूपी में दर्ज केस से जुड़ी जानकारी गृह मंत्रालय को भेज दी है। उनका कहना है कि विभागीय जांच भी कराई जा रही है। उधर, यूपी पुलिस के निचले अधिकारियों ने इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
घटना 22 से 24 नवंबर 2022 के बीच की है। राजस्थान के धौलपुर का रहने वाला ट्रक मालिक श्रवण कुमार कूच बिहार से बांस का ट्रक लेकर जोधपुर-राजस्थान के लिए निकला था। जब वह उत्तर प्रदेश पहुंचा तो कई टोल नाकों पर उसने फास्टैग के जरिए पेमेंट भी किया था। लखनऊ एक्सप्रेस-वे होते हुए आगरा रिंग रोड पहुंचा। यहां आने के बाद रहनकलां टोल बूथ पार किया। यहां ट्रक पार्क कर सुस्ताने उतरा था।
इसी बीच बिना नंबर की इनोवा कार से पांच लोग उतरे और श्रवण को जबर्दस्ती अपनी गाड़ी में डालकर ले गए। यह पूरा दृश्य टोल के CCTV में कैद हो गया। इसके बाद किसी और व्यक्ति को बांस से भरे ट्रक पर बैठाया। वहां से ट्रक को यू-टर्न लेकर वापस रहनकलां टोल से निकाला गया। उसका फास्टैग और GPS तोड़ दिया गया। मेन्युअल रसीद कटवाई गई। पुलिसवाले जो इनोवा लाए थे, उसका भी फर्जी नंबर टोल पर लिखवाया गया था। इसके बाद श्रवण को मंदसौर लाकर 30 लाख रुपए फिरौती मांगी गई। नहीं देने पर दो मुखबिरों की मदद से 65 किलो अफीम का केस बनाकर जेल भेज दिया गया।
चूंकि ट्रक की GPS लोकेशन और फास्टैग का आखिरी भुगतान रहनकलां आ रहा था, इसलिए श्रवण की पत्नी वहां ढूंढते हुए पहुंची। यहां उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया तो वह कुछ नहीं बता सकी। रिपोर्ट भी नहीं लिखी तो ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी। इस पर से पता चला कि श्रवण को मंदसौर पुलिस ने आगरा टोल से उठाया है। ट्रक भी साथ ले गई है।
जब श्रवण का परिवार मंदसौर पहुंचा तो पुलिसवाले कुछ भी बताने से मना करते रहे जबकि यहां पर श्रवण के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका था। उस पर 65 किलो तस्करी के आरोप थे।
महिला ने पूछा कि आगरा तो UP में आता है, यदि ऐसा कुछ था तो मध्यप्रदेश पुलिस ने आगरा या यूपी पुलिस की मदद क्यों नहीं ली? जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो महिला ने वकील के जरिए अदालत में आवेदन कर दिया।
इसमें पुलिस पर झूठी कहानी रचकर पति को फंसाने और फिरौती मांगने के आरोप लगाए थे। आवेदन के साथ में रहनकलां टोल के 24 नवंबर 2022 के फुटेज, कूच बिहार से किए जा रहे टोल के फास्टैग पेमेंट की रसीदें पेश की गईं। कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए यूपी आकर ट्रक मालिक श्रवण कुमार को उठाने वाले पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए थे।
अंतत: घटना के छह महीने बाद जून 2023 में यूपी के आगरा पश्चिमी के एत्मादपुर में केस दर्ज हो गया था, लेकिन मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं लगी। जब वहां से चिट्ठी आई तब इनकी कुंडली खंगाली जा रही है।
राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा के तस्करों की गैंगवार में फंसाने का शक
लकड़ी, डोडाचूरा के राजस्थान और मध्यप्रदेश सीमा पर सक्रिय तस्करों का पुलिस से गठजोड नया नहीं है। ट्रक मालिक की पत्नी को शक है कि पुलिस ने इन्हीं के कहने पर मेरे पति को झूठा फंसाया है। इधर, मामले में फंसे आरोपी पुलिस अधिकारी महिला के आरोपों को झूठा बता रहे हैं। यहां फिरोज लाला समेत कई गैंग एक्टिव हैं। इनमें से केस में फंसाये गये ट्रक मालिक का भाई इन गैंग से जुड़ा रह चुका है और उनमें विवाद हो गया था। उसी से बदला लेने के लिये ट्रक मालिक भाई को फंसवाया गया।
