MP में 109 नए चेहरे उतारने की तैयारी में कांग्रेस

भोपाल. मध्यप्रदेश में सत्ता वापसी की पुरजोर कोशिश में जुटी कांग्रेस ने कैंडिडेट सिलेक्शन की प्रक्रिया तेज कर दी है। कांग्रेस 10-15 सितंबर तक 100 से ज्यादा नामों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है। पार्टी ने उम्मीदवार चयन के लिए तीन सर्वे कराए हैं। सूत्रों ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ज्यादातर सीटों पर नाम लगभग फाइनल हो चुके हैं। 2 सितंबर को भोपाल में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होने वाली है। इसमें सर्वे रिपोर्ट के साथ ही जिलास्तर पर संगठन के पदाधिकारियों के फीडबैक पर मंथन होगा। इसके बाद उम्मीदवार के नाम फाइनल किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि पहले हारी हुई सीटों पर नामों की घोषणा होगी। कांग्रेस 109 सीटों पर नए चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी में है। मौजूदा 17 विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं। पार्टी सूत्र बताते हैं कि ये संख्या बढ़ भी सकती है।

दीपक जोशी को खातेगांव से उतार सकते हैं
BJP से कांग्रेस में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी को खातेगांव से मैदान में उतारा जा सकता है। हाटपिपल्या से उपचुनाव हारने वाले राजवीर सिंह को टिकट मिल सकता है, लेकिन कांग्रेस यहां से नए चेहरे पर भी दांव लगा सकती है। सूत्रों का कहना है कि खातेगांव विधानसभा क्षेत्र ब्राह्मण बहुल है। ऐसे में जातीय समीकरण देखें, तो दीपक जोशी इस सीट से लड़ सकते हैं। वैसे भी इस सीट से टिकट के पांच दावेदार मनीष चौधरी, लक्ष्मीनारायण बंडावाला, गौतम बंटू गुर्ज, मनोज होलानी और ओम पटेल हैं।

PCC चीफ कमलनाथ दे चुके संकेत
जिन मौजूदा विधायकों को फिर से मैदान में उतारा जा रहा है, उन्हें कमलनाथ ने तैयारी करने का मौखिक आदेश दे दिया है। उन्होंने 8 अगस्त को भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा था कि हमें टिकट के दावेदारों के लिए लिस्ट जारी करने की जल्दी नहीं है, जिन्हें टिकट दिया जाना है, उन्हें सूचित कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि मौजूदा 95 में से 74 विधायकों को क्षेत्र में प्रचार करने के लिए कहा जा चुका है।

तीन सर्वे रिपोर्ट ही टिकट का मुख्य आधार
पार्टी के एक पदाधिकारी के मुताबिक कमलनाथ उम्मीदवारों के चयन में जोखिम लेना नहीं चाहते। यही वजह है कि 20 से अधिक विधायकों का टिकट काटकर नए चेहरे को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है। जिन विधायकों की प्रारंभिक सर्वे में रिपोर्ट ठीक नहीं थी, उन्हें क्षेत्र में सक्रिय होकर परफॉर्मेंस सुधारने की हिदायत दी गई थी। इसके बाद हुए दो सर्वे में भी जिन विधायकों के प्रदर्शन में सुधार नहीं आया, उन्हें टिकट नहीं दिया जाएगा।

जिलाध्यक्ष और प्रभारियों को बंद लिफाफे में देंगे दावेदारों के नाम
कांग्रेस सितंबर के दूसरे सप्ताह में 100 से अधिक सीटों के टिकट घोषित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मप्र के इंचार्ज जनरल सेक्रेटरी रणदीप सिंह सुरजेवाला और स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन भंवर जितेंद्र सिंह ने प्रदेश के 63 जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों से प्रत्येक विधानसभा से दावेदारों के नाम बंद लिफाफे में मांगे हैं। साथ ही, इलेक्शन कमेटी के चेयरमैन कमलनाथ से 230 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम मांगे हैं। खास बात यह है कि बंद लिफाफे में दावेदारों की जाति और उपजाति के बारे में भी पूछा गया है।

सत्ता में आना है तो कांग्रेस को एक चौथाई टिकट काटने होंगे
कांग्रेस को यदि फिर से सत्ता में आना है, तो मौजूदा विधायकों में से कम से कम एक चौथाई के टिकट काटने होंगे। पार्टी नेतृत्व को देखना होगा कि वह किसी भी तरह से दवाब में ना आए और जीतने वाले को ही टिकट दे। इसके लिए नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारना पड़ेगा। नहीं तो पहले विधायक टूट कर गए और अब हार कर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *