MP के 193 विधानसभा क्षेत्रों में जातियां गेमचेंजर

भोपाल. मध्यप्रदेश में जाति की राजनीति कितनी हावी है, इसका अनुमान शिवराज सरकार के हालिया मंत्रिमंडल विस्तार से लगाया जा सकता है। भले ही यह भाजपा सरकार का अब तक का सबसे छोटा मंत्रिमंडल विस्तार है, लेकिन इसके मायने बहुत बड़े हैं। तीन मंत्रियों को शपथ दिलाकर दो वर्गों- ब्राह्मण और पिछड़ों को साधने की कोशिश की गई है। राज्य में यह पहला मौका है, जब दोनों प्रमुख पार्टियां बीजेपी और कांग्रेस जातिगत समीकरण पर विशेष फोकस कर रही हैं। ब्राह्मण, राजपूत, यादव, कुशवाहा और लोधी समाज का मध्यप्रदेश की राजनीति में वर्चस्व बढ़ता जा रहा है। इसका कारण इन समाजों से जुड़े लोगों की संख्या दो से सवा दो करोड़ होना है, जो मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 में से 88 सीटों पर गेमचेंजर हैं।

193 सीटों पर जाति आधारित वोटर सबसे बड़ा फैक्टर
वहीं, शिवराज सरकार ने जिन एक दर्जन से अधिक समाजों के बोर्ड इसी साल गठित किए हैं, वे 105 सीटों पर दबदबा रखते हैं। सीधा मतलब ये है कि 230 में से 193 सीटों पर जाति आधारित वोटर सबसे बड़ा फैक्टर है।
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि सरकार 2018 की गलती को दोहराना नहीं चाहती। इस बार किसी भी वर्ग को नाराज करने का जोखिम नहीं ले सकती, इसलिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हर जाति और वर्ग को साधने का प्रयास कर रहे हैं। शनिवार को हुआ मंत्रिमंडल विस्तार और पिछले दिनों आई 39 प्रत्याशियों की पहली सूची इसी रणनीति की बानगी है, जिसमें बीजेपी आदिवासी, अनुसूचित जाति और ओबीसी वर्ग को साधने की कोशिश कर रही है।
2018 के चुनाव से पहले मध्यप्रदेश में कांग्रेस डेढ़ दर्जन समाजों को साधने में सफल हो गई थी। यही वजह है कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में कारगर साबित हुए छोटी जातियों को साधने के फॉर्मूले पर मध्यप्रदेश में भी काम कर रही है।

कुशवाहा समाज : ग्वालियर-चंबल, सागर संभाग की 24 सीटों पर सीधा दखल
MP में कुशवाहा समाज के लोगों की आबादी करीब 80 लाख है। इनका ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग की 24 सीटों पर प्रभाव है। फिलहाल, कुशवाहा समाज से 8 विधायक हैं। इनमें से ग्वालियर ग्रामीण से विधायक भारत सिंह कुशवाहा शिवराज सरकार में राज्यमंत्री हैं। खास बात यह है कि ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में ही कुशवाहा समाज के मतदाताओं की संख्या ढाई लाख से ज्यादा है। शिवराज सरकार ने हाल ही में कुशवाहा समाज कल्याण बोर्ड बनाया है। इसके अध्यक्ष को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि प्रदेश में भगवान कुश का भव्य मंदिर और कुशवाहा समाज की धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *