ग्वालियर में B.Tech के छात्र को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर मौत
ग्वालियर. गिरवाई स्थित बेलदार का पुरा में रहने वाला 19 वर्षीय आदर्श नागर पुत्र दिलीप नागर छात्र है और ITM यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था और वह सेकंड ईयर का छात्र था। घर से निकलकर कॉलेज पढऩे जा रहे बाइक सवार छात्र को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छात्र बाइक से उछलकर सर के बल सड़क पर जा गिरा जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा कंपू थाना क्षेत्र के शिवपुरी लिंक रोड स्थित शीतला माता मंदिर तिराहे पर गुरुवार की सुबह का है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर जा पहुंची जहा जांच के बाद मृतक का शव पीएम हाउस भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब अज्ञात वाहन को तलाशने के लिए हाईवे के पास लगे सीसीटीवी कैमरे खांगाल रही है।
वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
कंपू थाने के एसआई गजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि फोन पर सूचना आई थी कि एक बाइक सवार छात्र को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। टक्कर लगने से युवक की मौत हो गई है, सूचना पर मौके पर पहुंचे थे जहां जांच पड़ताल के बाद मृतक युवक के शव को पीएम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
