MP सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार टला, अन्य दो नाम पर नहीं बन सकी सहमति, आज फिर बैठक

भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार फिलहाल टल गया है। CM हाउस में बुधवार देर रात हुई बैठक में रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ला और बालाघाट विधायक गौरीशंकर बिसेन को मंत्रिमंडल में शामिल करने पर सहमति बन गई। बाकी के दो विधायकों के नाम पर राय नहीं बन सकी। मंत्रिमंडल में लोधी वर्ग के प्रतिनिधि को जगह दी जानी है। दलित या आदिवासी वर्ग से भी एक मंत्री बनाने पर मंथन चल रहा है। कैबिनेट विस्तार को लेकर गुरुवार सुबह केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच करीब आधा घंटा बैठक चली। नामों पर सहमति बनती है तो मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण की तारीख और समय तय हो जाएगा।

इन नामों पर चल रहा मंथन
लाल सिंह आर्य
भिंड जिले की गोहद सीट से तीन बार BJP विधायक रहे हैं। पार्टी ने उन्हें इस बार भी उम्मीदवार बनाया है।
वर्तमान में BJP SC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। दलित वोटर्स को साधने के लिए BJP कैबिनेट में शामिल कर सकती है। वर्तमान में SC डिपार्टमेंट का कोई मंत्री नहीं है। आदिम जाति कल्याण विभाग की मंत्री मीना सिंह ही इस विभाग को संभाल रही हैं।

जालम सिंह पटेल
नरसिंहपुर से तीन बार के विधायक हैं। एक बार राज्यमंत्री भी रह चुके हैं।
लोधी वोटर्स को साधने के लिए जालम सिंह पटेल को शामिल किया जा सकता है।

राहुल सिंह लोधी
पूर्व CM उमा भारती के भतीजे और टीकमगढ़ जिले की खरगापुर सीट से विधायक हैं।
राहुल को शामिल करके उमा भारती और उनके समर्थकों को साधा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *