ग्वालियर से पाकिस्तान पहुंची अंजू के पति-भाई की नौकरी छूटी, गांव वालों ने भी काम देना बंद किया
ग्वालियर. अंजू पाकिस्तान में जाकर फातिमा बन गई। उसने नया संसार बसा लिया। इस कदम के पीछे अंजू का मकसद जो भी रहा हो, लेकिन कीमत उसके परिवार को चुकानी पड़ रही है। अंजू के पिता के घर में खाने के लाले पड़ गए हैं। उसके भाई और पति की नौकरी छूट गई है। कंपनी ने कह दिया है, जब तक न कहें, वापस काम पर नहीं आना। ग्वालियर के बौना गांव में अंजू के पिता गया प्रसाद थॉमस लोगों के कपड़े सिलकर जीवनयापन करते थे। अंजू के पाकिस्तान जाने की बात सामने आने के बाद से गांव के लोगों ने उनसे दूरी बना ली है। काम देना भी बंद कर दिया है। घर पर आए दिन पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां आ-जा रही हैं। लोग इस कारण दूर हो रहे हैं कि कहीं वे मुसीबत में न पड़ जाएं।
गांव के लोग डरे-सहमे, काम लेकर नहीं आते
गया प्रसाद थॉमस ने बताया अंजू के पाकिस्तान जाने के बाद गांव के लोग हमसे कम ही वास्ता रख रहे हैं। पहले मैं एक दिन में चार कुर्ते सिल देता था। अब करीब 10 दिन हो गए हैं, एक भी कुर्ता नहीं सिला है। गांव के लोग अब काम लेकर नहीं आ रहे हैं। हालांकि, हमें गांव में कोई परेशानी नहीं है। सभी मिल-जुलकर रहते हैं, लेकिन इस घटना के बाद लोग डरे-सहमे हैं। कोई मुसीबत में फंसना नहीं चाहता है। अंजू का पति अरविंद और भाई डेविड राजस्थान में भिवाड़ी की एक कंपनी में काम करते थे। डेविड पहले वाहन चलाता था। बाद में दूसरे डिपार्टमेंट में आ गया। अंजू के पाकिस्तान जाने और सोशल मीडिया फ्रेंड से निकाह करने की खबरें सामने आईं, तो कंपनी ने डेविड की छुट्टी कर दी। कुछ दिन बाद अरविंद को भी यह कहते हुए घर पर बैठा दिया गया कि कंपनी आदेश करेगी, तभी आप आना। कंपनी के नाम का जिक्र भी कहीं नहीं करना।
अंजू के ISI से जुड़े होने का संदेह
अंजू की पाकिस्तान में हो रही आवभगत से उसके वहां की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) से जुड़े होने का संदेह भी जताया जा रहा है। जिस तरह से अंजू को पाकिस्तान में पुलिस अभिरक्षा के बीच देखा जा रहा है। जिस तरीके से प्री-वेडिंग शूट किया गया था। निकाह के बाद डिनर का जो VIDEO सामने आया, उसे देखकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। फिलहाल, मामले में कोई कुछ नहीं बोल रहा है और न ही कुछ पुष्टि हो रही है।
