पाकिस्तान में आतंकी हमले में 39 की मौत, 200 लोग घायल

पेशावर. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा राज्य के बाजौर में रविवार को एक पॉलिटिकल रैली में ब्लास्ट हुआ। पुलिस ने इसे आतंकी हमला बताया है। पाकिस्तानी टीवी चैनल ‘जियो न्यूज’ के मुताबिक 39 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 लोग घायल हैं। घटना बाजौर की खार तहसील की है। यहां सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल जमीयत उलेमा इस्लाम फजल (JUI-F) की रैली चल रही थी।

पार्टी ने कहा- 35 कार्यकर्ता मारे गए
इस रैली को JUI-F के सीनियर लीडर हाफिज हमदुल्लाह संबोधित करने वाले थे, लेकिन वो किसी वजह से यहां पहुंच नहीं सके। बाद में मीडिया से बातचीत में हाफिज ने कहा- हमारे करीब 39 कार्यकर्ता इस ब्लास्ट में मारे गए हैं। मैं इस घटना की निंदा करता हूं। हमारे हौसले इस तरह के हमलों से कम नहीं होंगे। हाफिज ने आगे कहा- इस तरह के हमले पहले भी होते रहे हैं। इनकी गहराई से जांच होनी चाहिए। हमें तो किसी तरह की सिक्योरिटी भी मुहैया नहीं कराई जाती। हम इस मसले को संसद में उठाएंगे।

फिदायीन हमले का शक
पुलिस के मुताबिक ब्लास्ट शाम करीब 4.30 बजे हुआ। इस वक्त रैली में काफी लोग मौजूद थे। माना जा रहा है कि हमलावर पार्टी समर्थकों के बीच ही मौजूद था। इसलिए इसे फिदायीन हमला माना जा रहा है। JUI-F के चीफ मौलाना फजल ने घटना के बाद प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से बातचीत की और उन्हें तफ्सील से जानकारी दी। सरकार ने घटना की जांच के आदेश भी दे दिए हैं। फजल ने समर्थकों से कहा- आप लोग फौरन अस्पताल पहुंचें और घायलों को खून मुहैया कराएं। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी के मुताबिक यह हमला मुल्क को कमजोर करने की एक और साजिश है। सरकार आतंकियों से निपटने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
सरकार से की ब्लास्ट की जांच की मांग
हमदुल्ला ने मांग की कि विस्फोट की जांच की जानी चाहिए. साथ ही कहा कि जेयूआई-एफ को इससे पहले भी निशाना बनाया गया है। हमारे कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। हमने इस पर संसद में आवाज उठाई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई । उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और प्रांतीय सरकार से घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने का आग्रह किया ।
जमात-ए-इस्लामी के नेता ने बताई आतंकवाद की वापसी
जमात-ए-इस्लामी के सीनेटर मुश्ताक अहमद ने भी विस्फोट की निंदा की और मौतों पर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने ट्वीट किया कि केंद्र और प्रांतीय सरकारें, खुफिया एजेंसियां लोगों की सुरक्षा करने में पूरी तरह से विफल है। आतंकवाद की वापसी साबित करती है कि सरकार की सुरक्षा नीति फेल हो गई है। खैबर पख्तूनख्वा के आदिवासी जिले इस आग के बीच में हैं. उन्होंने कहा कि बढ़ते आतंकवाद का मुद्दे को लेकर संसद में एक सत्र बुलाया जाना चाहिए ।
