अमित शाह ने मालवा से किया चुनावी शंखनाद, विजयवर्गीय बोले बीजेपी 170 सीट जीतकर सरकार बनाएगी
इंदौर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश में मालवा से बीजेपी के चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। उन्होंने रविवार को इंदौर में बीजेपी के विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। शाह ने कार्यकर्ताओं को 2023 और 2024 के चुनावी जीत का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। शाह ने पूर्व सीएम कमलनाथ को करप्शन नाथ और दिग्विजय सिंह को श्रीमान बंटाधार कहकर संबोधित किया। इंदौर में विधानसभा नंबर दो स्थित कनकेश्वरी गरबा मैदान पर आयोजित संभाग के बूथ लेवल कार्यकर्ता सम्मेलन में शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 को कांग्रेस ने बच्चे की तरह सालों तक पाल रखा था। पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 खत्म कर कश्मीर को भारत से जोड़ने का काम किया है। मोदी सरकार आने पर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकियों की धज्जियां उड़ाने का काम हमारी सेना ने किया है।
मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा किया बुलंद: अमित शाह
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने देवी अहिल्या को प्रणाम कर अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या बाई ने गुलामी के अवशेष को मिटाने की पहल की थी। जिसे हमारे नेता पीएम मोदी आगे बढ़ा रहे है। पीएम मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा बुलंद करने का काम किया है। वे कहीं भी जाए लोग मोदी-मोदी के नारे लगाते हैं। ये नारे मोदी के लिए नहीं, बीजेपी के लिए नहीं, बल्कि भारत की 130 करोड़ जनता के सम्मान में नारे लग रहे हैं।
कार्यकर्ताओं को दिलाया चुनावी जीत का संकल्प
बीजेपी को चुनाव बूथ पर बैठा कार्यकर्ता जीता सकता है। आज यहां से संकल्प लेकर जाना है कि प्रचंड बहुमत के साथ 2023 में भाजपा की सरकार बनाना है। और 2024 में लोकसभा की एमपी की सभी 29 सीटें जीतकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।
बीजेपी 170 सीट जीतकर सरकार बनाएगी: विजयवर्गीय
बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा – ये आमसभा नहीं है, ये कार्यकर्ता सम्मेलन है। यहां सब कार्यकर्ता हैं। जो हमारी ताकत हैं। ये सब हमें चुनाव जीताते हैं। हमारे गृह मंत्री अमित शाह राजनीति के चाणक्य माने जाते हैं। अनुच्छेद 370 हटाने का काम किसी ने किया तो अमित शाह ने किया। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस फर्जी सर्वे कर 150 सीट जीतने का दावा कर रही है। भ्रम फैला रही है, लेकिन कांग्रेस को 50 सीट और बीजेपी 170 सीट लाएंगी। कांग्रेस ने किसान कर्ज माफी का वादा किया था, लेकिन वादा नहीं निभाया। कांग्रेस ने रोजगार भत्ता का वादा किया, किसी को भत्ता नहीं दिया। कैलाश विजयवर्गीय ने ‘एक बार फिर से, भाजपा फिर से’, ‘एक बार दिल से, भाजपा फिर से’ का नारा लगवाया। उन्होंने कहा कि हमारे सीएम शिवराज सिंह किसान के बेटे हैं। उन्होंने गरीबों, महिलाओं की चिंता की। बीजेपी की सरकार गरीबों के कल्याण पर विचार करती है। कांग्रेस ने केवल गरीबी हटाओ का नारा दिया। हमने गरीब कल्याण की योजनाएं बनाकर गरीबी दूर करने की कोशिश की।
मंच पर बीजेपी के सभी सीनियर नेता मौजूद रहे
बीजेपी चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश बीजेपी के चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, बीजेपी महासचिव कैलाश विजवयर्गीय, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा समेत कई नेता मंच पर मौजूद रहे।
