MP में सरचार्ज घटाने से बिजली बिल में मामूली कमी, तीन महीने ही मिलेगी राहत

इंदौर. बिजली के भारी-भरकम बिलों से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। हालांकि राहत भी बहुत थोड़ी मिल रही है। मप्र पावर मैनेजमेंट कंपनी ने 24 जुलाई से एफपीपीएएस यानी बिजली खरीदी व ईंधन लागत सरचार्ज में कमी की है। इसे लगभग आधा कर दिया गया है। तीन महीने के लिए यह दर तक की गई है। हालांकि इससे उपभोक्ताओं को बहुत थोड़ा सा ही फर्क देखने को मिलेगा। अभी तक एफपीपीएएस की दर 6.16 प्रतिशत लागू थी। 24 जुलाई से इसे घटाकर 3.15 प्रतिशत कर दिया गया है। मप्र पावर मैनेजमेंट कंपनी ने नए शुल्क की घोषणा की है। प्रदेश की तीनों बिजली वितरण कंपनियों के बिलों में यह लागू होगा।

इससे बिजली बिलों में कितना फर्क पड़ेगा, इस पर पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी अवधेश शर्मा ने कहा कि नए निर्धारण के बाद 200 यूनिट बिजली खपत वाले उपभोक्ता का घरेलू बिल जो पहले करीब 1621 रुपये का होता था वह आने वाले बिलिंग सायकल में 1589 रुपये का होगा। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दी गई है। साफ है कि प्रत्येक 100 यूनिट पर करीब 15 रुपये का फर्क नजर आ रहा है। हालांकि 100 यूनिट तक खपत वाले उपभोक्ताओं को शासन की 1 रुपये यूनिट वाली बिजली योजना का लाभ भी मिल रहा है। ऐसे में ज्यादा खपत वाले उपभोक्ताओं को फ्यूल सरचार्ज में कमी से अब राहत की उम्मीद दिख रही है। तीन महीने के लिए नई दरें लागू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *