डॉक्टर का अपहरण कर फिरौती लेने वाले 3 अपहरणकर्ताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार
ग्वालियर 20जुलाई को शहर के जाने माने डॉक्टर प्रमोद पहारिया को उनके हॉस्पीटल से घर जाते समय रास्ते में एक्सीडेंट का नाटक कर अज्ञात बदमाशों ने अपहरण किया और फिरौती की रकम वसूल करने के मामले को गम्भीरता से लेते हुए एसपी राजेश सिंह चंदेल न केवल मौके पर पहुँचे बल्कि थाना प्रभारी थाटीपुर एवं क्राइम टीम को आवश्यक दिशा निर्देश देकर तत्काल आरोपियों की पतारसी करने हेतु निर्देशित किया गया।
अपहरण के आरोपियों की तलाश की गई। दौराने विवेचना फरियादी द्वारा बताया गया कि उसके पिता के द्वारा घर पर फिरौती के पैसे लेने आये व्यक्ति का उन्होने फोटो खींच लिया था और उसका फोटो मुझे व्हाट्सएप कर दिया था। उक्त फोटो वाले बदमाश की पुलिस टीम द्वारा पतारसी की गई जिस पर से उक्त व्यक्ति श्रीनगर कालोनी मुरार का होना बताया गया। पुलिस टीम द्वारा उक्त संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की गई जो घर पर नही मिला। व्यक्ति अपने दो अन्य साथियों के साथ चम्बल कॉलोनी की ओर जाते हुए देखा गया है। पुलिस टीम को देखकर उन्होने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम द्वारा भाग रहे 3 संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर फोटो वाले लड़के ने स्वयं को श्रीनगर कालोनी थाटीपुर, दूसरे ने ग्राम नगरा थाना माता बसैया हाल आदर्श नगर थाना महाराजपुरा तथा तीसरे संदिग्ध ने फूलपुरा हाल आदर्श नगर थाना महाराजपुरा का रहने वाला बताया। पकड़े गये संदिग्धों में से फोटो वाले लड़के से उक्त अपहरण व फिरौती की घटना के संबध्ंा में पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि लगभग 15-20 दिन पहले उसने अपने बड़े भाई को लेकर डॉक्टर प्रमोद पहारिया के क्लीनिक पर उसे काम दिलाने के लिए गया था, तभी मैंने देखा कि इस डॉक्टर के पास कई पैसेन्ट आते हैं और डॉक्टर की अच्छी कमाई है, अगर इसको किडनैप कर ले तो अच्छा पैसे मिलेगा। उसके बाद मैंने अपने प्लान के संबंध में अपने दोस्त को बताया उसके बाद मेरा दोस्त अपने दो अन्य साथियों को लेकर आया और दिनांक 19 जुलाई को क्लीनिक के आसपास रैकी की फिर 20 जुलाई को प्लानिंग के अनुसार दोपहर लगभग 03 बजे डॉक्टर के घर जाते समय एक्सीडेंट का नाटक कर उनकी कार को रोका और कट्टा अड़ाकर गाड़ी सहित डॉक्टर को लेकर हाइवे की ओर निकल गये।
उसके बाद अपने एक साथी को मोटर साइकिल से डॉक्टर के घर उसके पिता से 04 लाख रूपये मंगवाने के लिए भेजा और डॉक्टर के फोनपे से एक एमपी ऑनलाइन वाले के क्यूआर कोड पर 24 हजार रूपये डलवाकर उससे नगद ले लिए। उसके बाद डॉक्टर को गाड़ी सहित छोड़कर हम लोग चले गये थे। उसके बाद हम चारों लोगों ने 01 लाख 05 हजार रुपये प्रत्येक के हिस्से में बाँट लिये थे। पुलिस टीम को पूछताछ में ज्ञात हुआ कि फिरौती के हिस्से में आई रकम से 2 बदमाशों ने आईफोन खरीद लिये व घूमने के लिये खाटू श्याम व दिल्ली चले गये थे। वापस लौटते ही पुलिस टीम ने उक्त घटना के 03 आरोपियों को दवोच लिया व उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कट्टा व दो जिंदा राउण्ड, मोटर सायकिल, एवं फिरौती के पैसों से खरीदे गये 02 आईफोन मोबाइल एवं नगदी 01 लाख रुपये जब्त कर लिये गये है। पुलिस टीम द्वारा उक्त घटना में शामिल एक बदमाश की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है तथा शेष मशरूका के संबंध में पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
