दिल्ली में फिर से लगातार बढ़ रहा यमुना का जलस्तर
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली कई इलाकों में बारिश हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी मानसून पूरी तरह एक्टिव है और देश के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। IMD वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में मानसून एक्टिव फेज में है इसलिए इसके प्रभाव से अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है। इसकी वजह से गुजरात में पहले से ही अत्यधिक बारिश हो रही है जो अगले 24 घंटों तक जारी रहेगी।
बाढ़ का खतरा
उधर यमुना के बढ़ते जलस्तर के साथ एक बार फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। रात 8 बजे यमुना नदी का जलस्तर 206.39 मीटर रिकॉर्ड किया गया। बता दें कि खतरे का निशान पुराने यमुना पुल के पास खतरे का निशान 205.33 मीटर है। पिछले कुछ घंटों में यमुना के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। यमुना का पानी खतरे के निशान से करीब एक मीटर ऊपर पहुंच गया है। उधर पहाड़ी इलाकों में बारिश की वजह से हथनीकुंड बैराज में दबाव बढ़ता जा रहा है और लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। दिल्ली सरकार ने यमुना के निचले इलाकों के लोगों से इलाका खाली करने का आग्रह किया है।
