बुकी के यहां काली कमाई में मिला 14 किलो सोना, 200 किलो चांदी और 17 करोड़ रूपये नगद, बुकी भागा दुबई
नई दिल्ली. महाराष्ट्र के गोंदिया स्थित एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सट्टेबाज ने एक व्यवसाई को नकली सट्टेबाजी एप्स में निवेश करने का लालच दिया और फिर उससे 58 करोड़ रूपये से अधिक की ठगी कर ली है। नागपुर पुलिस ने काका चौक स्थित आरोपी के घर पर जब छापा मारा तो वह हैरान रह गयी। यहां पुलिस को 17 करोड़ रूपये से अधिक की नगदी और लगभग 14 किलोग्राम सोना और 200 किलोग्राम चांदी मिली है। जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस की छापेमारी से पहले ही आरोपी घर छोड़ कर फरार हो गया। आगे की जांच जारी है।
ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफार्म बनाने वाले कथित सट्टेबाज अनंत उर्फ सोंटू नवरतन जैन के बारे में संदेह है कि वह नागपुर से 160 किमी दूर गोंदिया शहर में रहता था। जब जैन के घर पर पुलिस ने छापा मारा तो वह उससे एक दिन पहले ही दुबई भाग गया।
जाल में ऐसे फंसाया
नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि जैन ने शिकायतकर्ता -एक व्यवसाई को ऑनलाइन जुए से पैसे कमाने का आकर्षक लालच दिया और अपने जाल में फंसा लिया। शुरूआत में झिझकने के बाद, व्यवसाई जैन के झांसे में आ गया और एक हवाला एजेंट के माध्यम से 8 लाख रूपये ट्रांसफर कर दिये। जैन ने व्यवसाई को ऑनलाईन जुआ खाता खोलने के लिये व्हाट्सएप पर एक लिंक प्रदान किया। कुमार ने बताया कि व्यवसाई को खाते में 8 लाख रूपये जमा मिले और उसने जुआ खेलना शुरू कर दिया।
आरोपी भागा दुबई, घर से बड़ी बरामदगी
इस छापेमारी के दौरान आरोपी सट्टेबाज के घर से 17 करोड़ रुपये नकद, सोने के बिस्कुट और आभूषण के रूप में 14 किलो सोना और 200 किलो चांदी मिली है। हालांकि, सट्टेबाज जैन ने पुलिस को चकमा दे दिया । ऐसा संदेह है कि वह दुबई भाग गया है। अधिकारी ने बताया कि जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य अभी तक निर्धारित नहीं किया गया है।
