पंडित जी से आर-पार के मूड में ‘महाराज’ की खास

भोपाल. ‘महाराज’ की खास एक महिला नेता बीजेपी के पंडित जी से खफा हैं। उन्होंने पंडित जी के रवैये को लेकर अपनी बात संगठन तक भी पहुंचा दी है। हुआ यूं कि पंडित जी ने इस महिला नेता के क्षेत्र के व्यापारियों को भोपाल ले जाकर सीएम से उनकी मुलाकात करवा दी। ये बात उन्हें अच्छी नहीं लगी। वे इस घटना को अपने क्षेत्र में पंडित जी का दखल मान रही हैं। कानाफूसी ये भी है कि इस लेडी लीडर के खिलाफ टिकट के दावेदारों में दम फूंका जा रहा है। लिहाजा अपने सियासी फ्यूचर को लेकर चिंतित इस नेता ने अब आर-पार की लड़ाई का मूड बना लिया है। अब पार्टी आलाकमान पशोपेश में है कि क्या करें? एक तरफ ‘महाराज’ हैं, दूसरी तरफ पंडित जी महाराज हैं।

माई के आशीर्वाद से पंडित जी के आमने-सामने रहकर सबक सिखाएंगी
पंजे के सहारे राजनीति में आई ये महिला नेता तीन चुनाव रिकॉर्ड वोटों से जीतीं, लेकिन दलबदल कर लड़े उपचुनाव में करीबी अंतर से हार गई थीं। अब फिर से चुनाव सिर पर है और ऐसे में फिर से चुनाव लड़कर जीत की तैयारी कर रही ये नेता कोई अड़चन नहीं चाहती हैं। वह भी अपनों से, लिहाजा सीधे संगठन की ही डोर बेल बजा दी। सुना है कि इस नेता ने ये तक कह डाला है कि पार्टी ने अगर कोई कदम गलत उठाया तो वे अपना घर छोड़कर, माई के आशीर्वाद से पंडित जी के आमने-सामने रहकर सबक सिखाएंगी। उन्होंने पार्टी के आला नेताओं को अपनी पीड़ा और फ्यूचर के बारे बता दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *