लाड़ली बहना योजना का पैसा लेने पहुंचा पति, पता चला पत्नी को पहले से मिल रही विधवा पेंशन
रायसेन. रायसेन के वार्ड एक में रहने वाले एक व्यक्ति ने नगर पालिका की राजस्व शाखा में जमकर हंगामा किया। उसने नपा के कम्प्यूटर तोड़ दिए, टेबल का कांच फोड़ दिया। घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे की है। आरोपित पत्नी को लाड़ली बहना योजना का लाभ ना मिल पाने से नाराज था। उसने नपा कर्मचारियों से जब इसका कारण पूछा, तो पता चला कि उसकी पत्नी को विधवा पेंशन मिल रही है।
जब पति जिंदा है तो पत्नी को विधवा पेंशन कैसे मिल सकती है
जानकारी के अनुसार रायसेन के वार्ड एक में रहने वाले खूबचंद शाक्य की पत्नी भागवती को पिछले दो माह से लाड़ली बहना की राशि नहीं मिल रही है। खूबचंद ने नगर पालिका के कई चक्कर काटे। इस महीने भी खाते में लाड़ली बहना की राशि नहीं आई, तो वह नगर पालिका पहुंच गया। उसने यहां समग्र आइडी में पत्नी की केवाइसी संबंधित जानकारी ली। कर्मचारियों को बताया कि उसकी पत्नी को एक हजार रुपये नहीं मिल रहे हैं। कर्मचारियों ने समग्र पोर्टल पर जांच की और बताया कि पत्नी को विधवा पेंशन मिल रही है। इस बात से खूबचंद गुस्से में आ गया। उसने कहा कि वह जब जिंदा है, तो उसकी पत्नी को विधवा पेंशन कैसे मिल सकती है। ये नगर पालिका की गलती है, इससे वह और उसकी पत्नी परेशान हो रहे हैं। खूबचंद की सुनवाई नहीं हुई तो गुरुवार को वह फिर नपा पहुंचा और तोड़फोड़ कर दी। हंगामा देख नपाअध्यक्ष प्रतिनिधि जमना सेन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने खूबचंद को समझाइश देते हुए उसे कार्यालय से बाहर किया।
पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में केस किया दर्ज
नपा कर्मचारी अभिषेक रघुवंशी, मनुकांत चौरसिया, अजब सिंह, अवधेश बहादुर, शिवप्रसाद विश्वकर्मा ने लिखित में कोतवाली पुलिस को इसकी शिकायत की। वहीं नपा उपयंत्री भी थाने पहुंचे थे। कोतवाली थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि आरोपित खूबचंद शाक्य ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई, शासकीय सम्पत्ति में तोड़फोड़ की इसलिए धारा 353, 427, 294 सहित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
