ग्वालियर में डॉक्टर का पिस्टल अड़ाकर दिनदहाड़े अपहरण
ग्वालियर. तीन बदमाशों ने एक डॉक्टर का अपहरण कर लिया। पहले बदमाशों ने अपनी बाइक से कार में टक्कर मारी फिर पिस्टल अड़ाकर डॉक्टर को उसकी कार में बंधक बना लिया। इसके बाद तीन घंटे तक गुंडे उसे शहर में घुमाते रहे। बदमाशों ने पहले 40 लाख रुपए का इंतजाम करने के लिए कहा, इसके बाद तीन घंटे तक कार में अपह्रत को घुमाते रहे। आखिर में चार लाख रुपए लेकर डॉक्टर को कार सहित सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। बदमाश कौन थे यह डॉक्टर भी नहीं बता पा रहा है। घटना सुरेश नगर इलाके में गुरुवार दोपहर 3 बजे से रात आठ बजे के बीच की है। घबराया डॉक्टर थाटीपुर पहुंचा और मामले की शिकायत की।
पिस्टल अड़ा दी और डॉक्टर को कार में अपह्रत कर लिया
शहर के थाटीपुर मोहन नगर निवासी डॉ. प्रमोद पहारिया गुरुवार दोपहर अपनी क्लीनिक से घर लंच करने आ रहे थे। गुरुवार दोपहर 3 बजे वह अपने अभी कुम्हारपुरा से दीपांजलि नर्सिंग होम के पास वाली गली से सुरेश नगर के लिए टर्न हो रहे थे तभी बाइक उनकी कार से आ टकराई। बाइक पर तीन युवक सवार थे। डॉक्टर कुछ समझ पाता उससे पहले बाइक सवारों ने उस पर अकड़ना शुरू कर दिया। एक ने पिस्टल अड़ा दी और डॉक्टर को उसकी ही कार में अपह्रत कर लिया। पिस्टल अड़ाने वाला बदमाश ड्राइविंग सीट पर आ गया और दो बदमाश डॉक्टर के आसपास बैठ गए।
फिरौती में मांगे 40 लाख, चार लाख में छोड़ा
डॉक्टर को अपहरण करने के बाद बदमाशों ने 40 लाख रुपए की डिमांड की। डॉक्टर ने बताया कि इतना रुपया उसके पास नहीं है। इस पर बदमाशों ने कहा कि कितना दे सकते हों। डॉक्टर ने बताया कि वह तीन से चार लाख रुपए ही दे सकता है। इसके बाद बदमाशों ने डॉक्टर से उसके पिता को कॉल करवाया और बताया कि कोई अभी घर आएगा उसे इतने पैसे दे देना। करीब तीन घंटे बाइक एक युवक डॉक्टर के पिता के पास पहुंचा और कैश लेकर निकल आया। इसके बाद रात 8 बजे डॉक्टर को कार में छोड़कर बदमाश फरार हो गए।
पुलिस का कहना
इस मामले में पुलिस का कहना है कि डॉक्टर की शिकायत पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द बदमाश हवालात में होंगे।
