तीस्ता सीतलवाड़ को मिली गिरफ्तारी से राहत, स्रुप्रीम कोर्ट ने गुजरात हाईकोर्ट के फैसले पर लगाई रोक
नई दिल्ली. सामाजिक कार्यकर्त्ता तीस्ता सीतलवाड़ को सुप्रीम कोर्ट से शनिवार की रात राहत मिल गयी है। सुप्रीम कोर्ट की 3 जजों की बेंच ने तीस्ता सीतलबाड़ को एक हफ्ते की अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है। जिसके तहत उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकेगी और न ही उन्हें गुजरात हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक तुरंत सरेंडर करना होगा। 3 जजों की बेंच के सामने मामला आने से पहले शनिवार की शाम को ही 2 जजों की पीठ ने इस मामले की सुनवाई की थी। हालांकि तब जमानत को लेकर दोनों जजों की राय अलग-अलग थी। उन्होंने इस मामले में को बड़ी बेंच के पास सुनवाई के लिये भेजा था और शनिवार को ही मामले की सुनवाई की बात कही थी।
3 जजों की बेंच ने की सुनवाई
तीस्ता सीतलबाड़ की जमानत याचिका पर शनिवार को 3 जजों की बेंच ने सुनवाई की थी। सुनवाई शाम 9.15 बजे शुरू हुई। जस्टिस आर गवई, जस्टिस एएस बोपन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की बेंच के सामने मामले को रखा गया। दरअसल में तीस्ता सीतलवाड़ को गुजरात हाईकोर्ट ने शनिवार को उनकी जमानत याचिका रद्द करते हुए सरेंडर करने को कहा था। इस फैसले के खिलाफ वह सुप्रीम कोर्ट गयी थी।
