5 हजार की रिश्वत लेते पटवारी पकड़ाया, 6 दिन में 3 ट्रैप, लोकायुक्त ने की कार्रवाई
6 दिन में 3 ट्रैप फैली सनसनी
सागर. योगेश्वर शर्मा में सागर लोकायुक्त एसपी का पदभार ग्रहण करते ही पिछले 6 दिनों 3 ट्रैप करते हुए 2 पटवारी और एक फोरेस्ट गार्ड पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों लोकायुक्त की टीम ने गिरफ्तार किया है। सागर लोकायुक्त एसपी योगेश्वर शर्मा की कार्यवाही को लेकर भ्रष्टाचारियों पर हो रही कार्यवाही से हंडकम्प मचा हुआ है।

लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए पटवारी को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा है। पटवारी जमीन का सीमांकन करवाने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा था। मामले में लोकायुक्त की टीम सिविल लाइन थाने में पटवारी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। जानकारी के अनुसार सागर ब्लाक के ग्राम पड़रिया निवासी राजेंद्र पुत्र भगवान सिंह दांगी को अपनी जमीन का सीमांकन कराना था। वह ग्राम पड़रिया हल्का नंबर 101 के पटवारी गौरव मिश्रा से मिले और जमीन का सीमांकन करवाने की बात कही। जिस पर पटवारी गौरव ने राजेंद्र से सीमांकन करवाने के एवज में पहले 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बातचीत करने पर 10 हजार रुपए में बात पक्की हुई। लेकिन किसान राजेंद्र रिश्वत की राशि नहीं देना चाहता था।

लोकायुक्त की टीम ने पटवारी को रंगेहाथ धरदबोचा
किसान राजेंद्र ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में 21 जून को शिकायत की। जांच के बाद सोमवार को लोकायुक्त टीम कार्रवाई के लिए रवाना हुई। शिकायतकर्ता राजेंद्र को रिश्वत की राशि 5 हजार रुपए लेकर पटवारी के पास भेजा। राजेंद्र ने सागर एसडीएम कार्यालय के पास नाजिर शाखा के पास पटवारी गौरव मिश्रा को 5 हजार रुपए की रिश्वत की राशि दी। तभी लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर पटवारी गौरव को रिश्वत की राशि के साथ रंगेहाथ धरदबोचा। उसे पकड़कर सिविल लाइन थाने लेकर पहुंचे। लोकायुक्त निरीक्षक रोशनी जैन ने बताया कि पटवारी गौरव मिश्रा को जमीन के सीमांकन करवाने के नाम पर 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़़ा है। पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पहले मांगे 25 हजार, फिर 10 हजार रुपए मांगने लगा पटवारी
शिकायतकर्ता राजेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन का सीमांकन कराना था। पटवारी गौरव मिश्रा से बात की तो उन्होंने पहले 25 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। फिर 10 हजार रुपए मांगने लगे। वह 10 मई से लगातार परेशान कर रहे थे। 21 जून को पटवारी ने एक हजार रुपए लिए थे। जिसके बाद लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की। आज रिश्वत की राशि 5 हजार रुपए ली थी। जिस पर लोकायुक्त ने पटवारी को पकड़ लिया। कार्रवाई टीम में लोकायुक्त डीएसपी मंजू सिंह, निरीक्षक रोशनी जैन, रंजीत सिंह, प्र.आर. अजय क्षेत्रीय, आरक्षक आशुतोष व्यास, विक्रम सिंह, सुरेन्द्र सिंह, नीलेश पांडे शामिल थे।
