पीएम मोदी, नड्‌डा बताएंगे चुनाव में जीत का मंत्र,5 राज्यों की जीत के रणनीतिकार भोपाल में होंगे तैयार

भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को बीजेपी के बूथ समिति सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल आ रहे हैं। पीएम के इस दौरे से एक दिन पहले सोमवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी आ रहे हैं। वे देशभर की सभी लोकसभा सीटों से चयनित बूथ कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे।
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पांच महीने पहले बीजेपी ने पॉलिटिकल फील्ड की सबसे प्राइमरी यूनिट पर इतना फोकस क्यों किया और इस ट्रेनिंग के लिए भोपाल को ही क्यों चुना। इसके कारण जानने के लिए इस दौरे और प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगे बीजेपी के पदाधिकारियों से बात की। उनसे बूथ समिति के सदस्यों का चयन कैसे हुआ। पूरी प्रक्रिया को जानने की कोशिश की।

बीजेपी अध्यक्ष, बड़े नेताओं से लेकर सांसदों तक ने किए इंटरव्यू
सभी लोकसभा सीटों से दस-दस सुपर एक्टिव बूथ लेवल वर्कर्स के नाम सिलेक्ट कर भाजपा के केंद्रीय कार्यालय को भेजे गए। यहां से अलग-अलग राज्यों के सभी बडे़ नेताओं, प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सांसदों को किसी दूसरे राज्य की एक लोकसभा सीट के 10 कार्यकर्ताओं का वर्चुअल इंटरव्यू लेने को कहा गया। इंटरव्यू के बाद 10 में से 5 कार्यकर्ता भोपाल के कार्यक्रम के लिए चयनित किए गए।

लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल क्योंकि पांच राज्यों में 83 सीटें
इस साल जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वहां लोकसभा की कुल 83 सीटें आती हैं। सबसे ज्यादा मध्यप्रदेश में 29, राजस्थान में 25, तेलंगाना में 17, छत्तीसगढ़ में 11 लोकसभा सीटें हैं, जबकि मिजोरम लोकसभा की एक सीट है। इस तरह 543 लोकसभा सीटों के लिहाज से देखें तो इन राज्यों में 15 प्रतिशत से भी ज्यादा सीटें हैं। इसी वजह से ये कहा जा रहा है कि इन विधानसभा चुनावों के नतीजे लोकसभा चुनाव पर बड़ा प्रभाव छोड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *