MP में 6 मंत्रियों का अपनी पार्टी के नेताओं से राजनीतिक झगड़ा

भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में अंतर्कलह के कई मामले सामने आ रहे हैं। पहली बार ऐसा हो रहा है कि एक साथ कई मंत्रियों के खिलाफ उन्हीं के इलाके के नेता खुलकर शिकायतें कर रहे हैं। खास बात यह है कि शिकवा-शिकायतें कोर ग्रुप की बैठकों तक पहुंच गई हैं। ताजा उदाहरण उज्जैन का है। सीएम निवास पर बुधवार को हुई उज्जैन कोर कमेटी की बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव के खिलाफ पूर्व मंत्री पारस जैन और पूर्व सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय समेत अन्य नेताओं ने एक सुर में मोर्चा खोल दिया। पूरा मामला मंत्री यादव की जमीन को मास्टर प्लान में लाने से जुड़ा बताया जा रहा है। इस दौरान यादव और मालवीय के बीच तीखी बहस हुई और ये सब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने हुआ। मंत्री से राजनीतिक झगड़े के इस तरह के कई उदाहरण हैं।

ये बयानबाजी विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए प्रेशर पॉलिटिक्स
बीजेपी के एक पदाधिकारी के मुताबिक, जिलों में जिस तरह से नेता एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, वह विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए प्रेशर पॉलिटिक्स है। उनमें से कुछ ध्यान आकर्षित करने और अपना लक्ष्य हासिल करने के प्रयास में विवादास्पद बयान देते हैं। पार्टी ऐसे सभी बयानों और घटनाक्रमों पर नजर रख रही है। ऐसे नेताओं से राजनीतिक तरीके से निपटने की तैयारी है। हाल के दिनों में, पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन, भंवर सिंह शेखावत और हरेंद्रजीत सिंह बब्बू सहित कई अन्य बीजेपी नेताओं ने भी पार्टी में विभिन्न मामलों को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। बीजेपी की अंर्तकलह की वजह जानकार यह भी मानते हैं कि प्रदेश नेतृत्व गुटों के बीच मतभेदों को दूर करने में असमर्थ साबित हो रहा है। कई नेता खुले तौर पर पार्टी और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ बयान जारी कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ भी आवाज उठाई जा रही है। खासतौर पर वे नेता, जो उनके बीजेपी में आने के बाद अपने राजनीतिक करियर को खतरे में पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *