ग्वालियर में ट्रांसपोर्टर से बाइक छीन ले गए बदमाश, 3 बदमाश धक्का देकर गाड़ी लूट ले गए
ग्वालियर. ग्वालियर में अपनी बहन से मिलकर लौट रहे बाइक सवार ट्रांसपोर्टर की रैकी कर तीन बदमाश बाइक छीन ले गए। बिलौआ तिराहा पर बाइक सवार बाथरूम करने के लिए सड़क किनारे खड़ा हुआ। तभी अन्य बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश ट्रांसपोर्टर के पास पहुंचकर बाथरूम करने लगा। एक अन्य बदमाश ने उतर कर ट्रांसपोर्टर की गाड़ी में चाबी लगा उसे स्टार्ट किया और दौड़ा दी। इस पर ट्रांसपोर्टर ने पीछा करना चाहा तो उसके पास ही खड़े बदमाश ने धक्का दिया और अपने साथी के साथ फरार हो गया। घटना शनिवार शाम ग्वालियर-झांसी रोड की है। पीड़ित ने पुलिस के पास पहुंचकर आपबीती सुनाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
डबरा स्थित शिक्षक कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय महेश चंद्र मिश्रा पुत्र कैलाश नारायण मिश्रा ट्रांसपोर्टर है। उनके ट्रक चलते हैं। शनिवार को वह अपनी बहन से मिलने के लिए ग्वालियर आए थे। बहन से मिलने के बाद वह वापस अपने घर जा रहे थे और अभी वह ग्वालियर-झांसी हाइवे पर बिलौआ तिराहे पर पहुंचे थे कि तभी एकांत स्थान देखकर वह बाथरूम करने के लिए रूका। बाइक को खड़ी कर वह बाथरूम करने लगा। इसी बीच एक बाइक से तीन युवक आए। इन्होंने भी वहीं गाड़ी रोक दी। बाइक से उतरकर एक युवक महेश मिश्रा के पास पहुंचा और बाथरूम करने के लिए खड़ा हो गया, जबकि एक बाइक पर बैठा रहा और दूसरा उसकी बाइक को स्टार्ट करने लगा। बाइक को स्टार्ट करते देखकर वह उसे रोकने के लिए दौड़ा, तभी उसके पास खड़े युवक ने उसे धक्का दिया और बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
संदेही बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराई
बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते पुलिस काफी तादाद में तैनात थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदेही बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।
CCTV कैमरों से बदमाशों की तलाश
पुलिस अब बदमाशों का सुराग लगाने के लिए इलाके के CCTV कैमरे खंगालने में जुट गई है, इसके साथ ही हाल ही में हुई लूट में पकड़े गए बदमाशों की जानकारी भी जुटा रही है।
