गुर्जर जाति ऐतिहासिक और बलिदानी जाति रही है जिसने देशकी रक्षार्थ सदैव अग्रणी भूमिका निभायी: कमलनाथ
भोपाल, गुर्जर जाति ऐतिहासिक और बलिदानी जाति रही है। गुर्जर समाज देश की रक्षार्थ सदैव अग्रणी भूमिका में रही है। स्वाभिमान और बलिदान से भरा इस जाति का इतिहास रहा है और गुर्जर समाज से मेरा भी पारिवारिक रिस्ता है। आज प्रदेश में भ्रष्टाचार के क्या हालात है, गांव गांव तक यही हाल है पैसा दो और काम लो यह आज हालात है। पैसे लो और गरीबी रेखा में नाम जुड़वा लो, योजनाओं में कमीशन चल रहा है। पिछले 12 महीनों में कितना कर्जा भाजपा सरकार ने लिया है 3 लाख 30 हजार करोड़ का कर्जा लिया है। मैं पूछता चाहता हूं कि क्या यह पैसा हमारे संविदा कर्मचारियों को दिया अतिथि शिक्षकों दिया, क्या इस पैसे से हमारे आशा कार्यकर्ताओं को लाभ हुआ, नहीं हुआ। इन पैसों से बड़े-बड़े ठेके दिए गए और कमीशन लिया गया। भाजपा के पास अब कुछ नहीं बचा, केवल पुलिस, पैसा और प्रशासन के सिवाय। शिवराज सिंह की आजकल डबल स्पीड़ की घोषणा की मशीन चल रही है। गुर्जर समाज की जो भी मांगे हैं कांग्रेस सरकार बनने पर उन्हें पूरा किया जायेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभागार में आयोजित ऑल इंडिया गुर्जर विकास संगठन मप्र के गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों के सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये यह बातें कहीं। इसके पूर्व श्री कमलनाथ ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय संजय गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया।
कमलनाथ ने कहा कि 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी जो 15 महीने चली, जिसमें साढ़े 11 महीने हमें काम के लिए मिले और हमने अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया। हमने अपनी सरकार में वृद्धावस्था पेंशन बढ़ायी, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, गौशालाएं बनायी, रोजगार के नये अवसर प्रदान करने की पहल की, किसानों के लिए कर्जमाफी योजना लाकर 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। दूसरी किश्त की शुरूआत होने वाली थी, किसानों को खाद-बीज के लिए नहीं भटकना पड़ रहा था, किंतु भाजपा ने धोखे से पीछे के दरवाजे से खरीद-फरोख्त कर सरकार बना ली, प्रदेश के हालात क्या है, प्रदेश की तस्वीर जनता के सामने है। जहां देखों वहां भ्रष्टाचार, शिवराज सिंह ने प्रदेश को भ्रष्टाचार प्रदेश बना दिया है।
ऑल इंडिया गुर्जर विकास संगठन मप्र के अध्यक्ष वीरेन्द्र हर्षाना ने गुर्जर समाज की ओर से कमलनाथ जी के समक्ष पांच सूत्रीय मांगे रखी, जिसमें देवनारायण बोर्ड का गठन, गुर्जर छात्रावास आदि प्रमुख है। वहीं श्री हर्षाना ने कहा कि गुर्जर समाज कांग्रेस पार्टी के साथ है जो आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कृत संकल्पित है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जे.पी. धनोपिया ने किया।
