24 जून को ग्वालियर आएंगे CM, रथ यात्रा में करेंगे शिरकत
ग्वालियर. CM शिवराज सिंह चौहान 24 जून को विकास कार्यों की सौगातें लेकर ग्वालियर आएंगे। CM मेला मैदान पर होने जा रहे भव्य समारोह में आवासीय भू-अधिकार सहित अन्य योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। साथ ही इस मौके पर महिला सम्मेलन में लाड़ली बहनों से संवाद भी करेंगे। ग्वालियर प्रवास के दौरान CM चौहान मध्य भारत हिंदी साहित्य भवन के भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद अचलेश्वर मंदिर पहुँचकर भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल होंगे। इसी कड़ी में एक हजार बिस्तर अस्पताल का निरीक्षण और लोकार्पण करने जायेंगे। इसके बाद महाराज बाड़ा पहुँचकर स्मार्ट सिटी के विकास कार्यों का जायजा भी लेंगे।
तैयारियो को लेकर की समीक्षा बैठक
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रविवार को संभाग आयुक्त श्री दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार, स्मार्ट सिटी सीईओ नीतू माथुर व अपर कलेक्टर एच बी शर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर 24 जून को मुख्यमंत्री चौहान के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की।
सुरक्षा और पार्किंग को लेकर निर्देश
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मेला मैदान में आयोजित होने वाले समारोह में शहर के चारों ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की जाए। पहले से ही स्पष्ट हो कि किस क्षेत्र के वाहन के लिये कौन सी पार्किंग निर्धारित है। कलेक्टर सिंह ने कहा कि समारोह में लगभग 7 हजार 700 हितग्राहियों को आवासीय भू-अधिकार पत्र का वितरण किया जाना है। सभी संबंधित हितग्राहियों को इसकी सूचना पहले से ही दे दी जाए। कलेक्टर सिंह ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 24 जून को प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिये अधिकारीवार जिम्मेदारियाँ सौंपी हैं।
