MP सरकार के सतपुड़ा भवन में आग पर 7 घंटे बाद भी काबू नहीं, CM ने एयरफोर्स से मदद मांगी, रात में आए
भोपाल. सचिवालय के सामने स्थित एमपी सरकार के सतपुड़ा भवन की बिल्डिंग में सोमवार दोपहर करीब 4 बजे आग लग गई। यह तीसरी मंजिल से शुरू हुई और छठी मंजिल तक पहुंच गई है। आग बुझाने की कोशिशें नाकाम होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से एयरफोर्स की मदद मांगी है। रात में ही AN 32 विमान और MI-15 हेलिकॉप्टर यहां पहुंचें, जो आग बुझाने में मदद की । CM ने पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी फोन पर चर्चा कर उन्हें जानकारी दी और जरूरी मदद की मांग की।
सरकार का अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी और एसी के कंप्रेसर में ब्लास्ट होने से फैलती गई। पूरे ऑफिस में 30 से ज्यादा एसी कंप्रेसर में ब्लास्ट हुए हैं। मुख्यमंत्री ने आग लगने के कारणों की जांच के लिए 4 सदस्यीय कमेटी बनाई है। वहीं गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया। भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा का दावा है कि स्थिति कंट्रोल में है। दस्तावेज जलकर राख हुए सतपुड़ा भवन में कई विभागों के दफ्तर हैं, जिनमें रखे दस्तावेज जलकर राख हो गए। चौथी मंजिल पर हेल्थ डिपार्टमेंट की शिकायत शाखा है। यहां EOW और लोकायुक्त में कर्मचारियों-अधिकारियों के खिलाफ की गई शिकायतों और जांच के दस्तावेज रखे थे, जिनके जलने का अनुमान है।

