चुनावी समीकरणों को साधने में जुटी BJP, भाजयुमो के पूर्व मप्र अध्यक्ष धीरज पटेरिया की होगी वापसी
भोपाल. नवंबर में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा चुनावी समीकरणों को साधने में जुट गई है। पूर्व मंत्री जयंत मलैया के पुत्र सिद्धार्थ मलैया के बाद सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धीरज पटेरिया की पार्टी में वापसी होगी। पटेरिया जबलपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव की तैयारी कर रहे थे पर पार्टी ने शरद जैन पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया था। इसके विरोध में वे निर्दलीय चुनाव लड़े थे। उन्हें 29 हजार 479 वोट मिले और कांग्रेस के विनय सक्सेना 578 मतों से चुनाव जीत गए।
दरअसल, पार्टी का वोट बंट गया था। इस बार ऐसी कोई स्थिति न बने, इसलिए भाजपा स्थानीय समीकरणों को साधने में जुटी है। इसके पहले दमोह की सियासत में प्रभाव रखने वाले पूर्व मंत्री जयंत मलैया के पुत्र सिद्धार्थ मलैया की वापसी हो चुकी है। दमोह उपचुनाव में उन्हें और पांच मंडल अध्यक्षों को पार्टी प्रत्याशी का साथ न देने के आरोप में छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया था। उपचुनाव में कांग्रेस के अजय टंडन ने भाजपा के राहुल लोधी को पराजित किया था। राहुल ने 2018 में कांग्रेस के टिकट पर पूर्व मंत्री जयंत मलैया को 798 मतों से हराया था। बाद में वे विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए थे।
