जंतर-मंतर से पहलवानों के टेंट उखाड़े जा रहे, बैरिकेड्स लांघने पर पुलिस ने हिरासत में लिया

दिल्ली. जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवान रविवार को नई संसद के सामने महिला महापंचायत में शामिल होने जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने इस महापंचायत की अनुमति नहीं दी है। नए संसद भवन की ओर जाते वक्त पहलवानों ने बैरिकेड्स लांघे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और झड़प भी हुई। इस दौरान कई रेसलर्स को हिरासत में लिया गया है। पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा- क्या यह लोकतंत्र है, हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं और हमारे साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। हमें गोली मार दो। पूनिया ने कहा कि साक्षी मलिक को भी हिरासत में ले लिया गया है। महापंचायत में हरियाणा, यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों के किसान शामिल होंगे। इसके चलते दिल्ली पुलिस ने सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर दी है। दिल्ली में 2 मेट्रो स्टेशनों के सभी एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए हैं। सिंघु बॉर्डर पर एक स्कूल में अस्थाई जेल बना दी गई है।

अंबाला में BKU शहीद भगत सिंह के सदस्यों की पुलिस से झड़प हो गई। जिसके बाद वहां माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

खाप और किसान नेताओं को हिरासत में लिया
महिला महापंचायत नई संसद के सामने दोपहर में होनी है। किसान नेता कुलदीप खरड़ ने कहा कि जब तक बृजभूषण की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक हरियाणा में सभी टोल को फ्री कर दिया गया है। हरियाणा पुलिस ने रविवार सुबह से ही किसानों और महिलाओं की घेराबंदी शुरू कर दी। हिसार, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, जींद और अंबाला में खाप प्रतिनिधियों और किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है।

रोहतक में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक महिला किसान बेहोश हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *