रेसलर्स विवाद में हरियाणा में किसानों की धरपकड़, महापंचायत के लिए दिल्ली जा रही महिलाएं हिरासत में
नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण के खिलाफ पहलवानों के समर्थन में रविवार काे नई दिल्ली में होने वाली महिला महापंचायत से पहले शनिवार शाम को हरियाणा में किसानों की धरपकड़ शुरू हो गई। किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। पंजाब से दिल्ली जा रहा महिलाओं का एक जत्था शाम को जब अंबाला के मंजी साहिब गुरुद्वारे में पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। गुरुद्वारे के गेट पर भी पुलिस जवान तैनात हैं।

पहलवानों को खदेड़ दिया
इस बीच पहलवानों ने जंतर-मंतर पर शनिवार रात 9 बजे इमरजेंसी प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, लेकिन पुलिस ने इससे पहले ही पत्रकारों को जंतर-मंतर से खदेड़ दिया। पहलवानों का दावा है कि पुलिस पत्रकारों को उन तक नहीं पहुंचने दे रही।
नई संसद के सामने होना है महिला महापंचायत
हिसार के किसान नेता रणवीर मलिक ने बताया कि 9 बजे पहलवानों ने प्रेस वार्ता बुलाई है। सभी साथियों को उस पर नजर बनाए रखना है। अगर इसमें कोई फैसला हुआ तो उसके बाद की रविवार को होने वाली महिला महापंचायत को लेकर दिल्ली जाने की रणनीति बनाई जाएगी। जंतर-मंतर पर महीनेभर से बृजभूषण सिंह के खिलाफ धरना दे रहे पहलवानों के पक्ष में रविवार को दिल्ली में नई संसद भवन के सामने महिला महापंचायत होनी है। इसके लिए पंजाब-हरियाणा से बड़ी संख्या में किसानों के जत्थे दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे हैं।
