गुलाबी नोट से खरीदी पर सोना महंगा, 595 नोट जमा करवाने पहुंचा पेट्रोल पंप कर्मचारी
ग्वालियर. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश की सबसे बड़ी करेंसी 2000 रुपए के नोट पर बड़ा फैसला लिया है। RBI ने नवंबर 2016 में नोटबंदी के बाद शुरू की 2 हजार रुपए की करेंसी को अब वापस बंद करने का निर्णय लिया है। 30 सितंबर तक इसे पूरी तरह मार्केट से हटा लिया जाएगा, क्योंकि यह नोट अभी बाजार से पूरी तरह गायब हो गया था। ATM से भी 2000 रुपए के नोट नहीं निकल रहे थे। पर जैसे ही RBI ने इसे वापस बुलाने का फैसला लिया ग्वालियर के बाजारों में अचानक दो हजार रुपए का नोट दिखने लगा है। पेट्रोल पंप, डिपार्टमेंटल स्टोर, बड़े बाजारांे में 2000 रुपए के नोट शनिवार को नजर आए हैं। ग्वालियर के फूलबाग पेट्रोल पर बीते एक महीने से एक भी दो हजार का नोट नहीं आया था। पर शनिवार को 15 नोट शाम तक आ चुके थे। जिन नोटों को लोग दबाए बैठे थे अब वह मार्केट में फिर से चलने लगे हैं।
सोने के दामों में उछाल आया
सराफा में शनिवार को सोने के दामों में उछाल आया। खास बात ये कि गुलाबी नोटों से खरीदी करने पर सोने के दाम प्रति दस ग्राम 3 से 5 हजार रुपये ज्यादा लिए जा रहे हैं। पेट्रोल पंप कर्मचारी भी बैंक में करीब 12 लाख रुपये के दो हजार के नोट जमा करवाने पहुंचा। शनिवार को बाजार मे सोने के दामों में 850 रुपये प्रति दस ग्राम का उछाल आया। आम ग्राहकों के लिए सोने के दाम शनिवार को इंदौर में (24 कैरेट बार) 62 हजार 200 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए। हालांकि दो हजार के नोटों से सोना खरीदने पर प्रति दस ग्राम तीन से पांच हजार रुपये तक ज्यादा लिए जा रहे थे।सोना-चांदी कारोबारियों के अनुसार कई लोगों ने सीधे बुलियन कारोबारी यानी थोक में सोना बेचने वालों से बात की। दो हजार के नोट से नकद में खरीदी पर सोने के दाम 65 हजार से 67 हजार रुपये प्रति दस ग्राम बताए गए।
एक बार में 20 हजार रुपए के ही नोट बदले जा सकेंगे
भारतीय रिजर्व बैंक के आदेश के अनुसार 23 मई 2023 से 30 सितंबर 2023 तक 2000 रुपए के नोटों को बैंक पहुंचकर अन्य मूल्यवर्ग के नोटों से बदला जा सकेगा। पर एक व्यक्ति एक दिन में 20 हजार रुपए (10 नोट) से ज्यादा नहीं बदलवा सकेगा। इसलिए अब बाजारों में अचानक 2000 रुपए के नोट की बहार सी आ गई है। पेट्रोल पंप से किराना की दुकानों तक यह नोट नजर आ रहे हैं।
