डेली मॉनीटरिंग कर कराएँ सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण – संभाग आयुक्त
ग्वालियर सीएम हेल्पलाइन में गत 15 अप्रैल तक दर्ज शत-प्रतिशत शिकायतों का निराकरण मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान-द्वितीय चरण के तहत किया जाना हैं। सभी विभागों के संभागीय अधिकारी इसकी डेली मॉनीटरिंग करें और संभाग के सभी जिले के विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर इसकी प्रगति रिपोर्ट लें। इस आशय की निर्देश संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने अंतर विभागीय समन्वय बैठक में सभी विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के लिए निर्धारित 67 प्रकार की सेवाओं से संबंधित सभी आवेदनों के निराकरण पर भी विशेष बल दिया।
बुधवार को यह संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई अंतर विभागीय समन्वय बैठक में संभाग आयुक्त ने ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी जिलों में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत सीम हेल्पलाइन एवं 67 प्रकार की सेवाओं से संबंधित आवेदनों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना, मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना व स्वच्छता सर्वे सहित राज्य शासन की प्राथमिकता वाले अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा भी बैठक में की गई।
बैठक में उपआयुक्त राजस्व उमेश प्रकाश शुक्ला, अपर आयुक्त नगर निगम मुकुल गुप्ता, संयुक्त आयुक्त विकास ग्वालियर संभाग सीएल डोडियार व चंबल राजेन्द्र सिंह, जीडीए के सीईओ प्रदीप कुमार शर्मा, उप आयुक्त विकास शिवप्रसाद एवं नोडल अधिकारी विशाल सिंह तोमर सहित विभिन्न विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
