दिल्ली में सिंधिया, अफसरों की धड़कनें ग्वालियर में तेज

ग्वालियर. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली में हैं लेकिन धड़कनें यहां ग्वालियर के अफसरों की तेज हैं। मप्र में विधानसभा चुनाव का साल है और यही कारण है कि अपने अपने क्षेत्रों में मंत्री हों या विधायक सब सक्रिय हो गए हैं। पहले से चल रही योजनाएं हों या नई योजनाएं, नेता अब जिक्र और फिक्र में लगे हुए हैं। ग्वालियर को विकास के नए पायदान पर ले जाने वाले ड्रीम प्राेजेक्ट को लेकर भी यही हाल है। खुद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एक एक योजना की मानीटरिंग कर रहे हैं, हर सात दिन में अफसरों से स्पाट की प्रगति के फोटो मांग रहे हैं। पहला फोटो सोमवार को ही भेजा गया है। अब जब केंद्रीय मंत्री ही और वह भी सिंधिया हो तो अफसरों को दूसरे काम कैसे याद आ सकते हैं।

अफसर ले रहे हैं रोजाना अपडेट
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बैठक के बाद से अफसरों ने शहर की योजनाओं पर टकटकी लगा ली है। हर रोज निरीक्षण और अपडेट लिए जा रहे हैं। बैठक में बुनियादी सुविधाओं से लेकर बड़ी योजनाओं मे उम्मीद के अनुसार प्रगति न होने पर सिंधिया ने नाराजगी जताई थी। अफसरों को होमवर्क दिया था कि हर प्राेजेक्ट की प्रगति नए फोटो के साथ भेजेंगे जिससे यह पता चले कि क्या काम चल रहा है। बैठक के बाद पहला सोमवार आया तो अधिकारी कोई चूक नहीं करना चाहते थे इसलिए महाराज बाड़ा पर विक्टोरिया मार्केट के सामने पेडेस्ट्रियन जोन का काम शुरू हो गया जिसका फोटो प्रशासन ने सिंधिया को भेजा। अभी यहां काम रूका हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *