ग्वालियर में टूटी पटरी से गुजरी मालवा एक्सप्रेस, रेल फ्रैक्चर से मचा हड़कंप
ग्वालियर. रेलवे स्टेशन पर रविवार-सोमवार दरमियानी रात रेल फ्रैक्चर से हड़कंप मच गया। हड़कंप इसलिए मचा जिस ट्रैक पर रेलवे के GM की स्पेशल ट्रेन आ रही थी उसी ट्रैक पर रेल फ्रैक्चर हुआ था। आनन-फानन पर गोहद स्टेशन पर GM की ट्रेन को रुकवाया गया। रेलवे के GM सतीश कुमार को बताया गया कि आगे रेल फ्रैक्चर हुआ है। कुछ ही मिनट में रेलवे का अमला पहुंच गया और रेल फ्रैक्चर को सही करने में जुट गया। कुछ ही मिनट पहले मालवा एक्सप्रेस (अप) इसी ट्रैक से गुजरी थी। यह घटना आधी रात 2.45 बजे की है। रेल फ्रैक्चर का पता चलते ही आधी रात को एसपी हितेश कुमार ने DSP शुभा श्रीवास्तव व GRP की TI बबिता कटारिया को निर्देशित किया। जिस पर रेल डीएसपी व टीआई मौके पर पहुंच गए। करीब ढाई घंटे रेलवे GM सतीश कुमार ने गोहद स्टेशन पर गुजारा है। इस दौरान वह काफी नाराज नजर आए पर समय रहते रेल फ्रेक्चर देख लिया गया, नहीं तो हादसा भी हो सकता था। करीब सुबह 5 बजे फ्रेक्चर दुरुस्त होने के बाद GM ग्वालियर पहुंच सके और आते ही उन्होंने निरीक्षण शुरू कर दिया।
रेलवे के GM ने ग्वालियर पहुंचते ही किया निरीक्षण
सोमवार को रेलवे के GM सतीश कुमार ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां पर चल रहे निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए, साथ ही वॉशिंग पिट का निरीक्षण करने के साथ ही ब्रॉडगेज के कार्य की समीक्षा की। इस दौरान स्थानी अफसरों के साथ ही RPF और GRP के अफसर भी मौजूद रहे। GM सतीश कुमार सबसे पहले कंपू कोठी पहुंचे और यहां पर निरीक्षण करने के बाद प्लेटफार्म क्रमांक एक पर विकास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। कुछ स्थानों पर काम पसंद नहीं आने पर अफसरों को तुरंत ही उसमें सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद वह प्लेटफार्म क्रमांक चार पर पहुंचे और लोको का निरीक्षण करने के बाद यहां बन रही निर्माणाधीन वॉशिंग पिट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
