24 अप्रैल को निकलेगी पीतांबरा माई की रथयात्रा, कन्हैया मित्तल की भजन संध्या, फ्री में मिलेगा भोजन

दतिया. देशभर में आस्था का केंद्र मध्यप्रदेश के दतिया की अधिष्ठात्री देवी मां पीतांबरा का 24 अप्रैल को प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा, इस दौरान भव्य रथयात्रा निकलेगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु और कई दिग्गज नेता शामिल होंगे, इस रथयात्रा की तैयारी पिछले कई दिनों से चल रही है। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा भी स्वयं निरीक्षण कर रथयात्रा की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं, ताकि माई की रथयात्रा धूमधाम से निकले। पीतांबरा माई की रथयात्रा सोमवार शाम करीब 05.30 बजे माता के मंदिर से शुरू होगी, मां पीतांबरा रथ में सवार होकर शहर में भ्रमण करते हुए पुन: अपने दरबार में आएंगी।

दतिया में उत्सव का माहौल, घर-घर जलेंगे दीप
अच्छी बात यह है कि दतिया का गौरव दिवस भी इसी दिन मनाया जा रहा है, यानी माई का प्राकट्य उत्सव के साथ ही दतिया का गौरव दिवस भी 24 अप्रैल को मनने से दतिया के लोगों में गजब का उत्साह दिख रहा है, पूरा शहर इस उत्सव को मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है, रथयात्रा के दौरान जगह जगह प्रवेश द्वार और स्वागत द्वार तैयार किए जा रहे हैं, रथयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते भर कई समाजसेवी संस्थाएं स्वागत करेंगी। कहीं फूल बरसेंगे, तो कहीं चाय, नाश्ते के स्टॉल लगेंगे।

कन्हैया मित्तल की भजन संध्या
पीतांबरा माई की रथयात्रा के साथ ही स्टेडियम ग्राउंड में शाम को प्रसिद्ध गायक कन्हैया मित्तल की भव्य भजन संध्या होगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।

माई महाराज समिति का भंडारा
इस भव्य आयोजन में शामिल होने वाले भक्तों को माई महाराज भंडार समिति द्वारा फ्री में भोजन कराया जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू हो गई है, खुद गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा इसकी व्यवस्था देखने पहुंचे, समिति द्वारा पिछले साल भी माई के प्राकट्य दिवस पर आनेवाले श्रद्धालुओं को फ्री में भोजन कराया था, इस बार भी फ्री में भोजन कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए कृषि उपज मंडी प्रांगण में खाना तैयार कराया जाएगा। ताकि आने वाला कोई भी श्रद्धालु परेशान न हो । माई महाराज भंडार समिति की कमान समाजसेवी सिल्लन साहू ने संभाल ली है। उनके साथ कृषि उपज मंडी में काम करने वाले कारोबारियों समेत अन्य कारोबार में से जुड़े लोगों ने उत्साह से कहा कि माई की कृपा से ही उनका कारोबार फल-फूल रहा है । वे आने वाले श्रद्धालुओं को इस दिन भोजन की व्यवस्था करेंगे। इस दौरान गृह मंत्री के अलावा पीतांबरा नपाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला , जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरू दांगी , आयोजन समिति के सदस्य मनोज गोस्वामी, बल्देव राज बल्लू , अतुल भूरे चौधरी ,सुनील अग्रवाल व अन्य कारोबारी मौजूद रहे।

घर-घर जाकर बांट रहे पीले चावल
मां पीतांबरा प्राकट्य उत्सव पर आयोजित रथयात्रा में शामिल होने के लिए 23 अप्रैल को पार्षद घर घर जाकर पीले चावल दे रहे हैं, इस संबंध में पहले ही नगर पालिका के सभी पार्षदों की बैठक लेकर दिशा निर्देश दे दिए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *