ग्वालियर में हर्ष फायर में भाजपा नेता के बेटे की मौत

ग्वालियर. हर्ष फायर में भाजपा नेता व पार्षद के बेटे की मौत हो गई है। चाचा के लड़के की शादी में आंतरी से आए 15 वर्षीय शिवा उर्फ प्रियांशु की पेट में गोली लगने से मौत हो गई है। शनिवार-रविवार दरमियानी रात 12.30 से 1 बजे के बीच दरवाजे पर बारात आने के बाद टीका का कार्यक्रम चल रहा था, तभी एक रिश्तेदार राजेश यादव ने लाइसेंसी बंदूक हवा में लहराई और खुशी जताते हुए हर्ष फायर कर दिया। रिश्तेदार की बंदूक से निकली गोली पास ही खड़े छात्र के पेट में जा लगी। छात्र वहीं जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे हॉस्पिटल ले गए तो डॉक्टर ने पेट में गोली लगने से मौत की पुष्टि की। अस्पताल की सूचना पर पुलिस अस्पताल, फिर शादी समारोह में पहुंची। हर्ष फायर करने वाला अभी फरार है। घटना लक्ष्मीगंज रोड पर हरेशिव मैरिज गार्डन की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला
ग्वालियर देहात के आंतरी स्थित चौधरी मोहल्ला निवासी शिवा उर्फ प्रियांशु पुत्र भारत सिंह यादव शनिवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर जनकगंज, लक्ष्मीगंज हरेशिव मैरिज गार्डन में आया था। शिवा के चाचा पप्पू यादव के बेटे अमित यादव की शादी गार्डन से हो रही थी। रात 12 बजे तक शादी में सब कुछ ठीक चल रहा था। हर तरफ खुशियों के रंग बिखरे पड़े थे। चचेरे भाई की शादी की खुशी में 15 साल का शिवा बारात में नाचते हुए मैरिज गार्डन पहुंचा था। रात 12.30 से 1 बजे के बीच दरवाजे पर टीका की रस्म चल रही थी। शिवा के पास ही उसका दूर का चाचा राजेश सिंह यादव पुत्र जसवंत यादव निवासी आंतरी खड़ा हुआ था। राजेश ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायर किए। जिसमें एक गोली शिवा के पेट में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन विश्वास नहीं होने छात्र को लेकर जेएएच भी पहुंचे, जहां उसे पेट में गोली लगने से मृत घोषित कर शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। आज रविवार को छात्र के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

भाजपा नेता का इकलौता बेटा था
मृतक शिवा उर्फ प्रियांशु 9वीं का छात्र है। उसके पिता भारत यादव आंतरी नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष हैं। साथ ही वर्तमान में पार्षद हैं। वह भाजपा के पुराने नेताओं में गिने जाते हैं। शिवा उनका इकलौता बेटा था। बड़ी मन्नत के बाद शिवा का जन्म हुआ था। इस कारण वह उसे लाड़ प्यार से रखते थे। कभी कोई कमी महसूस नहीं होने देते थे, लेकिन वह नहीं जानते थे कि उनका और शिवा का साथ सिर्फ 15 साल का था। उनके ही रिश्ते में भाई की गोली से इकलौते बेटे की मौत हो गई। उनके ही रिश्तेदार ने उनका इकलौता चिराग बुझा दिया।

ऐसे हुआ हादसा
जब चाचा राजेश यादव अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायर कर रहा था तो एक गोली उसने चला दी, लेकिन दूसरी गोली नहीं चली, लेकिन ट्रिगर दबाने से कारतूस के टारगेट पर पॉइंट हिट कर गया था। गोली नहीं चलने पर राजेश ने बंदूक नीचे कर उसे खोलकर कारतूस निकालने का प्रयास किया। इसी समय नाल में फंसी गोली चल पड़ी। सामने खड़े शिवा के पेट में जाकर लगी और वह वहीं ढेर हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *