BJP के मिशन 2023 में अपने रोड़े, नाराज पूर्व मंत्री दिखा रहे हैं अपनी ताकत

भोपाल. राजनीति में नए-पुराने सभी नेता मायने रखते हैं। नवंबर-दिसंबर में एमपी में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश भाजपा के 6 पुराने नेता फिर से आवाज बुलंद करने लगे हैं। ये बदली हुई परिस्थितियां अपनों से ही मुसीबत के संकेत दे रही हैं। जो चेहरे पार्टी में कभी कद्दावर माने जाते थे, कैबिनेट का हिस्सा थे, अब वही जीत के रास्ते पर कांटे बिछा सकते हैं। इन परिस्थितियों की जड़ में ज्योतिरादित्य सिंधिया का अपने समर्थकों सहित बीजेपी जॉइन करना है। 2020 में सिंधिया और उनके समर्थकों के बीजेपी में आने के बाद जिन सीटों पर उपचुनाव हुए, वहां पार्टी के पुराने चेहरों को मौका न मिलना पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।

6 दिग्गज और पूर्व मंत्री समस्या बनकर खड़े
2020 से अब तक की गतिविधियों की पड़ताल करने पर पता चला कि बीजेपी के मिशन-2023 की राह में पार्टी के ही अपने-अपने इलाकों के 6 दिग्गज और पूर्व मंत्री समस्या बनकर खड़े हो सकते हैं। कद्दावर मंत्री रहे जयंत मलैया की सीट हो या डॉ. गौरीशंकर शेजवार या दीपक जोशी, ऐसे कई दिग्गज हैं, जिनकी परंपरागत सीटों पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस से आए विधायक काबिज हो गए हैं। बीजेपी सूत्र बताते हैं कि मौजूदा विधायक होने के कारण अधिकांश पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों को 2023 में टिकट नहीं मिल पाएगा। ऐसे में ये नेता पार्टी के लिए मुसीबत बन सकते हैं। सिंधिया समर्थकों के चलते अपनी पार्टी में पीछे धकेले गए इन नेताओं में कई ऐसे भी हैं, जिनका राजनीतिक भविष्य खतरे में दिखाई पड़ रहा है।

अनूप मिश्रा: चुनाव में ताल ठोंकने से ग्वालियर में बिगड़ेगा समीकरण
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे अनूप मिश्रा एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। वह सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पार्टी की बैठकों में लगातार नजर आ रहे हैं। अनूप मिश्रा ने साफ शब्दों में इरादे एक साल पहले ही जता दिए थे। उन्होंने एक बयान में कहा था कि मैं चुनाव लड़ूंगा यह तो तय है। अब पार्टी को सोचना है कि वह कहां से लड़ाना चाहती है। उनके यह तेवर अब पार्टी नेतृत्व के लिए उलझन बढ़ा सकते हैं, क्योंकि अनूप अभी तक ग्वालियर पूर्व विधानसभा से चुनाव लड़ते आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *