बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग, 4 की मौत, SSP बोले- आतंकी हमला नहीं
पंजाब. बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में बुधवार सुबह हुई फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई। मिलिट्री स्टेशन को सील कर दिया गया है और लोगों आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। आर्मी ने बताया कि फायरिंग सुबह 4:35 बजे हुई और अब यह बंद हो गई है। आर्मी ने अभी इसे आतंकवादी हमला नहीं बताया है। यह भी साफ नहीं है कि मारे गए लोग जवान हैं या सिविलियंस।
फायरिंग की घटना को लेकर 3 दावे
आतंकी हमला
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को मिलिट्री स्टेशन के भीतर जाने की परमिशन नहीं दी गई है। कैंट के बाहर से भीतर की ओर फायरिंग की गई है। ऐसे में इस हमले को आतंकी हमला बताया जा रहा है।
जवानों की आपसी फायरिंग
कहा जा रहा है कि फायरिंग मिलिट्री स्टेशन के ऑफिसर्स मेस में हुई और फायरिंग करने वाला सादे कपड़ों में था। बठिंडा के SSP गुलनीत खुराना ने इस हमले के आतंकवादी घटना होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि यह जवानों की आपसी फायरिंग हो सकती है।
2 दिन पहले राइफल गायब हुई थी
पंजाब पुलिस सूत्रों ने बताया कि 2 दिन पहले एक राइफल और 28 गोलियां गायब हुई थी। इस घटना के पीछे आर्मी का ही कोई व्यक्ति हो सकता है।
