धरना पर बैठे सचिन पायलट, शहीद स्मारक पर सचिन पायलट का अनशन शुरू शाम 4 बजे तक चलेगा
जयपुर. राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अपनी ही सरकार के विरोध में एक दिन का अनशन शुरू कर दिया है। इस बीच वह मौन रहेंगे। उनका अनशन जयपुर के शहीद स्मारक में सुबह 11 बजे शुरू हुआ है और शाम 4 बजे तक चलेगा। पायलट भाजपा की वसुंधरा राजे के शासन में हुए घोटालों की जांच की मांग को लेकर सीएम गहलोत सरकार के विरोध में अनशन पर बैठे हैं। वह सुबह अपने समर्थकों के साथ यहां पहुंचे। ऐसा कहा जा रहा है कि वह शाम तक कोई अलग पॉलिटिकल लाइन ले सकते है।
इधर, सचिन पायलट के अनशन शुरू होने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक वीडियो मैसेज जारी एक बार फिर मिशन 2030 की बात दोहराई है। उन्होंने कहा है कि मैंने तय किया है कि 2030 तक राजस्थान को देश का नम्बर वन राज्य बनाना है। पायलट के अनशन के बीच मिशन 2030 की बात दोहराने के भी राजनैतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
पायलट-गहलोत की अदावत की हिस्ट्री
- 2014: पायलट के प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही खेमाबंदी
- 11 दिसंबर 2018 : चुनाव नतीजे के साथ ही घमासान शुरू
- 14 दिसंबर 2018: राहुल के हस्तक्षेप से सुलह
- 17 दिसंबर 2018: गहलोत सीएम तो पायलट डिप्टी सीएम बने
- जुलाई 2020: पायलट डेढ़ दर्जन विधायकों के साथ हुए बागी
- गहलोत 80 समर्थक विधायकों के साथ जयपुर होटल में रहे
- 14 जुलाई 2020: पायलट प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम पद से बर्खास्त
- अगस्त 2020: प्रियंका गांधी के हस्तक्षेप से पायलट माने
- 14 अगस्त 2020: गहलोत ने बहुमत साबित किया, संकट टला
- नवंबर 2021:मंत्रिमंडल में पायलट गुट के 5 नेताओं को जगह
- सितंबर 2022: खड़गे-माकन के सामने गहलोत खेमे की बगावत
- गहलोत का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से इनकार
- पायलट ने गहलोत गुट के विधायकों पर की एक्शन की मांग
- जनवरी 2023: पायलट ने पेपर लीक मामले में घेरा
- 28 मार्च 2022: पायलट ने गहलोत को लिखी चिट्ठी
- जांच न होने पर पायलट ने अनशन का किया ऐलान
