80% तक खराब गेहूं खरीदेगी सरकार, लेकिन प्रति क्विंटल 5-10 रुपये कम मिलेंगे

भोपाल. मार्च में हुई दो दौर की बारिश और ओलावृष्टि के कारण मप्र में किसानों का 10 लाख टन से ज्यादा गेहूं चमक विहीन हो गया है। ये आंकड़ा और बढ़ सकता है, क्योंकि खरीद केंद्रों पर अभी गेहूं पहुंचना शुरू हुआ है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने आदेश निकाला है कि 10% तक चमक खो चुके गेहूं को समर्थन मूल्य 2125 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीदा जाएगा। यदि गेहूं इससे ज्यादा खराब है तो 80% तक चमक विहीन गेहूं को प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य से 5-10 रु. कम पर सरकार खरीदेगी।

इस बार एक प्रतिशत का एक चौथाई पैसा काटा जाएगा
राज्य सरकार ने इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेजा था, जहां से स्वीकृति मिल गई है। स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पाेरेशन के एमडी तरुण पिथोड़े ने बताया कि चमक विहीन गेहूं लेते समय प्रावधान है कि प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य की एक प्रतिशत राशि काटी जाती है, लेकिन इस बार एक प्रतिशत का एक चौथाई पैसा काटा जाएगा। सरकार का अनुमान है कि प्रदेश में कई बार हुई बारिश-ओलावृष्टि के कारण 15 से 20 फीसदी फसल को नुकसान पहुंचा है।

हकीकत- मंडियों में नहीं मिल रहे भाव
भारतीय किसान संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख राहुल धूत के मुताबिक पहले हुई बारिश और ओला वृष्टि में 10-12% गेहूं की फसल खराब हुई और अब तक सर्वे भी नहीं हुआ। इसी तरह 16% तक नमी वाली और 10% कम चमक वाली फसल ही ली गई। मंडियों में 1700-1800 रुपए क्विंटल ही भाव मिल रहे हैं। नुकसान का सर्वे हो ही नहीं पाया। बेहतर है सर्वे सरकार की बजाय थर्ड पार्टी करे। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा, सरकार कुछ भी आदेश दे, खरीद केंद्रों पर कोई स्पष्ट मानक नहीं हैं। किसान अपने वर्चस्व या लेनदेन पर ही फसल बेच पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *