कोरोना पर स्वास्थ्य मंत्री की हाईलेवल मीटिंग खत्म, पूरे देश में मॉकड्रिल सहित लिए गए ये निर्णय

नई दिल्ली. कोरोना देश में बड़ी तेजी से फैल रहा है। हर रोज नए मरीजों की संख्या के साथ-साथ मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। इसे लेकर राज्य सरकारों के साथ-साथ केंद्र भी अलर्ट मोड पर है। केंद्रीय स्वास्थय मंत्री मनसुख मांडविया ने कोरोना की बढ़ती रफ्तार पर एक हाईलेवल मीटिंग की। इस मीटिंग में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी और डॉक्टरों की टीम भी मौजूद थी। मीटिंग में कोरोना की रफ्तार पर चर्चा की गई। साथ ही यह भी मंथन किया गया कि कोविड महामारी की मौजूदा रफ्तार को कैसे कम किया जाए। यह बैठक राजधानी दिल्ली में हुई। जिसमें सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री अपने-अपने राज्यों की रिपोर्ट के साथ ऑनलाइन मौजूद रहे। कोरोना पर हुई स्वास्थ्य मंत्री की इस हाईलेवल मीटिंग के बाद मॉक ड्रिल सहित अन्य निर्णय लिए गए।

अनावश्यक भय नहीं फैलाना है, सतर्क रहना है
बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने देश में बढ़ रहे कोरोना केसों को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कोविड टेस्टिंग एवं जीनोम सीक्वेंसिंग के साथ कोविड नियमों के पालन का प्रसार बढ़ाने पर बात की। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमें सतर्क रहना है और अनावश्यक भय नहीं फैलाना है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य मंत्रियों से निवेदन किया कि वो अपने राज्यों में कोविड की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर समीक्षा बैठक करें।

10-11 अप्रैल को पूरे देश में मॉक ड्रिल
बैठक में फैसला लिया गया कि कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए देश में 10 और 11 अप्रैल को मॉक ड्रिल किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान कोरोना से निपटने की सभी तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। इसके अलावा मीटिंग में स्वास्थ्य मंत्री ने सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों को भी अस्पतालों का दौरा करने को कहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *