चीता ओवान ट्रेंकुलाइज कर लाया गया और कूनो में शुक्रवार की सुबह छोड़ा गया
श्योपुर. कूनो नेशनल पार्क से भागे चीता ओवान को ट्रेंकुलाइज कर वापिस लाया गया है। चीता विशेषज्ञ और डॉक्टरों की टीम ने गुरूवार की देर शाम एक खेत में चीते को ट्रेंकुलाइज किया है और शुक्रवार की सुबह उसे वापिस कूनो में छोड़ दिया गया है। चीता ओवान शिवपुरी के जंगल की तरफ बढ़ रहा था। उसके लगातार रिहायशी इलाकों में पहुंचने पर कूनो प्रशासन ने यह कदम उठाया है। जबकि मादा चीता आशा अभी भी धौरेट सरकार के जंगल में हैं।
आपको बता दें कि नामीबिया से 17 सितम्बर को 8 चीतों को लाया गया था। इन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाड़े में रिलीज किया था अभी हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों की दूसरी खेप कूनो लाई गयी थी।
दक्षिण अफ्रीका के एक्सपर्ट ने किया ट्रेंकुलाइज
चीता ओवान गुरुवार को सुबह शिवपुरी जिले के बैराड़ इलाके के डाबरपुरा और रामपुरा गांव के पास खेतों पर पहुंच गया था। वह दिन भर पेड़ के नीचे बैठा रहा। शाम 5 से 5:30 के बीच दक्षिण अफ्रीका के चीता एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रेंकुलाइज गन तैयार की और धीरे-धीरे चीते के पास पहुंचकर निशाना लगाकर चीते को ट्रेंकुलाइज किया। चीता थोड़ा सा छटपटाया और बेहोश हो गया। फिर डॉक्टर और चीता एक्सपर्ट ने ओवान की आंखों पर पट्टी बांधी। उसे ड्रिप और ऑक्सीजन लगाई। इसके बाद उसे मिलकर पिंजरे में डाल दिया।
