MP में अहाते बंद का रियलिटी, 5 दिन बाद भी शराब दुकानों के गेट पर छलक रहे जाम
भोपाल. मध्यप्रदेश में नई शराब नीति के तहत 1 अप्रैल से अहाते बंद कर दिए गए। यानी अब शराब दुकान पर बैठकर शराब पीते मिले, तो कार्रवाई हो सकती है। 5 दिन बाद जब नई नीति की जमीनी हकीकत जानने की कोशिश की गई, तो कुछ और ही तस्वीर सामने आई। प्रदेश के 7 जिलों में स्थित शराब दुकानों पर रियलिटी चेक किया। इसमें सभी जगह स्थिति एक जैसी नजर आई। अहातों में ताले जरूर लटके हैं, लेकिन, दुकान के सामने पीने वालों का जमावड़ा है। आसपास मौजूद ठेलों पर नशेड़ियों की भीड़ है। झाड़ियों में छिपकर झुंड में युवकों की टोलियां जाम छलका रही है। कहीं-कहीं तो होटलों, ढाबों और चाय-पानी की दुकानों पर भी शराब की बोतलें खाली हो रही हैं।
खुली जगहों पर पी रहे शराब
बैतूल में शराब दुकानों के 19 समूह की 64 दुकानों संचालित है। 6 नए समूह लाइसेंसी हैं, जबकि 13 समूह पुराने ठेकेदार हैं। यहां अहाता बंद कर दिए गए, लेकिन शराब पीने वालों पर असर इसका कम ही दिखाई दिया है। कुछ तो शराब खरीदते ही दुकान के सामने ही पीने लग जाते हैं, तो कुछ आसपास खुले में महफिल जमाते हैं। शाम ढलते ही खुले में शराब पीने वालों की तादाद बढ़ जाती है। बैतूल गंज के दुकान संचालक ईशान जैसवाल के मुताबिक अहाते बंद होने से व्यापार का नुकसान हो रहा है। दुकान के आसपास गंदगी बढ़ रही है। अब लोग शराब लेकर दुकान के आसपास ही शराब पीने लगते हैं। इससे टूटी बोतलें, डिस्पोजल की गंदगी बढ़ गई है। खर्च बढ़ रहा है। अब लोगों को दुकान के पास पीने से मना करना पड़ता था। अहाते थे तो लोग अंदर बैठ कर पी लेते थे। अब खुले में पी रहे हैं।
होटल-ढाबों पर आबकारी विभाग की नजर
धार में कुल 63 अहाते बंद हो चुके हैं। तीन शराब दुकानों का स्थान भी नई नीति के चलते बदला गया है। मार्च महीने में शराब दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया होने के बाद 1 अप्रैल से दुकानों का संचालन शुरू हो गया है। अहातों के बंद होने का असर पीने वालों पर दिखाई दे रहा है। लोग शराब दुकानों के आसपास झुंड बनाकर शराब पीते दिख रहे हैं। हालांकि जिले में अहातों के बजाय होटल-ढाबों पर पीने का चलन ज्यादा है। इसके तहत प्रथम चरण में विभाग के अधिकारी फोरलेन मार्गों पर स्थित होटल, ढाबों की सघन चैकिंग कर अवैध शराब को जब्त कर रहे हैं। साथ ही अवैध मदिरा विक्रय करने वाले आरोपियों को अरेस्ट किया जा रहा है।
सहायक आबकारी आयुक्त विक्रम दीप सांगर के अनुसार अहाते बंद होने के बाद अब होटलों व ढाबों को लेकर विशेष प्लान कार्रवाई के लिए तैयार किया है। इसमें सभी सर्कल अधिकारी रात के समय प्रतिदिन ढाई घंटे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई को लेकर चैकिंग अभियान चलाएंगे। इस अभियान के तहत अवैध शराब को जब्त करने के साथ ही बेचने वालों को भी अरेस्ट किया जा रहा है। जिले के कुक्षी, मनावर, सागौर, सरदारपुर, मनावर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान 39 हजार रुपए की शराब को जब्त किया है।
