पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है, कच्चे तेल का उत्पादन घटाएंगे सऊदी अरब समेत 23 देश

नई दिल्ली. सऊदी अरब समेत 23 देशों ने तेल के उत्पादन में कटौती करने का फैसला लिया है। सभी देश मिलकर हर रोज 19 करोड़ लीटर क्रूड ऑयल का उत्पादन कम करेंगे। इस वजह से तेल की कीमतों में प्रति बैरल 10 डॉलर तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसका सीधा असर भारत समेत दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर पड़ेगा। सीधे शब्दों में कहें तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है।

सबसे पहले OPEC+ देशों के फैसले को जानिए
सऊदी अरब, ईरान समेत 23 ओपेक+ देशों ने हर रोज साढ़े 11.6 लाख बैरल यानी करीब 19 करोड़ लीटर तेल के उत्पादन में कटौती करने का फैसला लिया है। अकेले सऊदी अरब पिछले साल की तुलना में 5% कम तेल उत्पादन करेगा। इसी तरह इराक ने रोजाना करीब 2 लाख बैरल तेल का उत्पादन कम करने की बात कही है। इस बड़े फैसले की वजह को बताते हुए सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा है कि ये कटौती तेल उत्पादन करने वाले OPEC और गैर OPEC देश मिलकर करेंगे। ये फैसला दुनिया भर के तेल बाजार को मजबूती देने के लिए लिया गया है। दरअसल, इंटरनेशनल मार्केट में जब भी तेल की कीमत घटने लगती हैं तो ये देश उत्पादन घटाकर दाम बढ़ाने का काम करते हैं।

अभी तेल उत्पादन घटाने के फैसले के पीछे 3 वजहे
फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 139 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। 2008 के बाद से कच्चा तेल इस स्तर पर कभी नहीं गया था। इसके बाद तेल के भाव तब नीचे आए जब अमेरिका और रूस जैसे देशों ने इंटरनेशनल मार्केट में अपना रिजर्व तेल बेचना शुरू कर दिया। इसका परिणाम ये हुआ कि मार्च 2023 में क्रूड ऑयल की कीमत गिरकर 75 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई।

पूरी दुनिया में क्रूड ऑयल का ग्लोबल स्टोरेज 18 महीने के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया है। ऐसे में स्टोरेज ज्यादा होने और मांग कम होने की वजह से तेल की कीमत घटी है।

2008-2009 में फाइनेंशियल क्राइसिस की वजह से महज 5 महीने के भीतर क्रूड का भाव 148 डॉलर से गिरकर 32 डॉलर हो गया था। अब अमेरिका में सिलिकॉन वैली, सिग्नेचर और फर्स्ट रिपब्लिक जैसे बड़े बैंकों के डूबने की वजह से एक बार फिर से तेल की कीमत में गिरावट की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *