पहले सरेंडर फिर पुलिस हिरासत में भी लिए गए ट्रम्प, जमानत या गिरफ्तारी पर कोई फैसला नहीं

नई दिल्ली. पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर मंगलवार को न्यूयॉर्क की मैनहटन कोर्ट में 34 आरोप तय किए गए। उन्हें पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल को पैसे देकर चुप कराने और इसके लिए बिजनेस रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के केस में कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट में डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। ना ही अपने बिजनेस रिकॉर्ड में कोई गड़बड़ी की है। मैनहटन कोर्ट ने ट्रम्प की जमानत या गिरफ्तारी पर कोई फैसला नहीं सुनाया। अगली सुनवाई 4 दिसंबर को होगी। 57 मिनट की सुनवाई के बाद ट्रम्प न्यूयॉर्क से अपने फ्लोरिडा स्थित घर ‘मार-ए-लागो’ पहुंचे। यहां उन्होंने पब्लिक और मीडिया के बीच स्पीच दी। यहां ट्रम्प ने कहा- मैंने कभी नहीं सोचा था कि अमेरिकी इतिहास में ऐसा कुछ होगा। मैंने एक ही अपराध किया है, वो है निडर होकर अपने देश को उन लोगों से बचाना जो इसे तबाह करना चाहते हैं।

पहले सरेंडर फिर पुलिस हिरासत में भी लिए गए थे ट्रम्प
भारतीय समय के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे ट्रम्प ने कोर्ट के बाहर सरेंडर कर दिया था। इसके बाद न्यूयॉर्क पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प को एक कमरे में ले जाकर उनके फिंगरप्रिंट और फोटोग्राफ लिए गए थे। ये कोर्ट और पुलिस रिकॉर्ड्स का हिस्सा बन गए हैं। इसके बाद उन्हें कोर्ट में जज के सामने पेश किया गया।

कानून के सामने सब समान हों- एल्विन ब्रैग
डोनाल्ड ट्रम्प मामले में जांच करने वाले मैनहट्टन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी एल्विन ब्रैग ने कहा- हम गंभीर अपराध को सामान्य नहीं कर सकते हैं और न ही करेंगे फिर आप कोई भी क्यों न हों, आप पर कार्यवाही होगी। हम ये सुनिश्चित करेंगे कि हर कोई कानून के समक्ष समान हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *