राजगढ़ सांसद कोरोना पॉजिटिव, MP में एक्टिव केस 100 पार
भोपाल. राजगढ़ सांसद रोडमल नागर कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। कॉन्टैक्ट में आए लोगों से जांच कराने को कहा। मध्यप्रदेश में सोमवार को 26 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 101 हो गई है। यह इस साल पहली बार है जब एक्टिव केस की संख्या 100 के पार गई है। भोपाल से लगातार दूसरे दिन 10 से ज्यादा मरीज यानी 14 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इंदौर से 5 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में अलग-अलग सेंटर पर 1496 लोगों ने कोरोना सैंपल दिए थे। इससे पहले 2 अप्रैल को प्रदेश भर में कोरोना के 35 नए मरीज मिले थे। सबसे ज्यादा 27 मरीज भोपाल में मिले थे।
वैक्सीन के लगे सिर्फ 4 डोज
51 जिलों में 3 अप्रैल को वैक्सीन के सिर्फ 4 ही डोज लगे। यह 4 डोज भी सिर्फ भोपाल में ही लगे हैं। बाकी 51 जिलों में कहीं भी 3 अप्रैल को वैक्सीन नहीं लगी। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश में अभी तक प्रदेश में 13,39,37,262 वैक्सीन के डोज लग चुके हैं वहीं भोपाल में इसकी संख्या 49,36,361 है।
